ताजमहल में खुल गई अर्जेंटीना की महिला पर्यटक की साड़ी, महिला कांस्टेबल बनीं मददगार

अर्जेंटीना से आई महिला पर्यटक ताजमहल घूमने के दौरान साड़ी संभाल नहीं पा रही थीं। पश्चिमी गेट पर तैनात महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने उनकी मदद की। महिला सिपाही ने साड़ी बांधने के साथ प्लेट्स और पल्लू संभालने का तरीका भी बताया। खुश होकर विदेशी पर्यटक ने “थैंक्यू यूपी पुलिस” कहा और फोटो खिंचवाई। घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे ताजमहल के पश्चिमी गेट की है।

Jul 14, 2026 - 18:25
 0
ताजमहल में खुल गई अर्जेंटीना की महिला पर्यटक की साड़ी, महिला कांस्टेबल बनीं मददगार
विदेशी महिला पर्यटक को साड़ी बांधना सिखातीं महिला कांस्टेबल।

बार-बार खुल रही थी साड़ी, असहज हो गई थीं विदेशी पर्यटक, महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने न सिर्फ साड़ी ठीक की, बल्कि प्लेट्स बनाना और पहनने का तरीका भी सिखाया

आगरा। दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी खूबसूरती से आकर्षित करने वाला ताजमहल मंगलवार को भारतीय संस्कृति और मेहमाननवाजी की एक अनूठी मिसाल का गवाह बना। यहां अर्जेंटीना से आई एक महिला पर्यटक उस समय असहज हो गईं, जब उनकी साड़ी बार-बार खुलने लगी। तभी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात महिला आरक्षी ने उनकी मदद कर न सिर्फ साड़ी ठीक की, बल्कि उन्हें साड़ी पहनने की बारीकियां भी सिखाईं।

मामला मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे ताजमहल के पश्चिमी गेट का है। अर्जेंटीना के मैसी शहर से आए पर्यटकों का एक दल ताजमहल घूमने पहुंचा था। इस दल में शामिल एक महिला पर्यटक ने भारतीय परंपरा से प्रभावित होकर आसमानी रंग की साड़ी पहन रखी थी।

ताज के दीदार के बीच बढ़ी परेशानी

ताजमहल परिसर में घूमते समय महिला की साड़ी बार-बार खुल रही थी। वह कई बार उसे संभालने और दोबारा बांधने की कोशिश करती रहीं, लेकिन सही तरीके से साड़ी नहीं संभाल पाने के कारण वह असहज महसूस करने लगीं। उनके साथ मौजूद साथी भी उनकी मदद करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ताज सुरक्षा में तैनात क्विक रिस्पांस टीम की महिला आरक्षी गुड्डी देवी की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तुरंत आगे बढ़कर विदेशी पर्यटक की मदद की और बड़े धैर्य के साथ उनकी साड़ी ठीक की।

महिला सिपाही बनीं ‘साड़ी टीचर’

महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने विदेशी पर्यटक को साड़ी की प्लेट्स बनाना, पल्लू संभालना और उसे सही तरीके से पहनने का तरीका बताया। उन्होंने समझाया कि साड़ी को किस तरह बांधा जाता है, ताकि चलते समय वह पैरों में न उलझे और पहनने वाले को परेशानी न हो। गुड्डी देवी की मदद और अपनापन देखकर अर्जेंटीना की महिला बेहद खुश हो गईं। उन्होंने महिला सिपाही से भारतीय महिलाओं के साड़ी पहनने के तौर-तरीकों के बारे में कई सवाल पूछे। पर्यटक जानना चाहती थीं कि भारतीय महिलाएं साड़ी कब पहनती हैं, उसे पूरे दिन कैसे संभालती हैं और पल्लू तथा प्लेट्स बनाने का सही तरीका क्या है।

‘मुझे साड़ी बहुत पसंद है’

विदेशी महिला पर्यटक ने कहा कि उन्हें भारतीय साड़ी बेहद पसंद है और यह भारत की सबसे खूबसूरत और अद्भुत पोशाकों में से एक है। उन्होंने गुड्डी देवी से हाथ मिलाकर “थैंक्यू यूपी पुलिस” कहा और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने बताया कि वह ऑफ ड्यूटी के समय अक्सर साड़ी पहनती हैं और कभी-कभी ड्यूटी के दौरान पुलिस की वर्दी वाली साड़ी भी पहनती हैं। उन्होंने कहा, “जब मैंने विदेशी महिला को साड़ी पहनाई, तो वह बहुत खुश हुईं। उन्होंने मुझे और पूरी पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।”

यादगार बन गया ताज का सफर

साड़ी ठीक होने के बाद अर्जेंटीना के पर्यटकों ने राहत की सांस ली और ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई। मौके पर ताज सुरक्षा थाना की टीम के दरोगा शिवराज सिंह, हेड कॉन्स्टेबल किरण पाल सिंह, सिपाही दुर्गेश कुमार और महिला आरक्षी गुड्डी देवी मौजूद रहीं। ताजमहल में हुई यह छोटी-सी घटना विदेशी मेहमानों के लिए भारतीय संस्कृति, संवेदनशीलता और “अतिथि देवो भव:” की भावना का एक यादगार अनुभव बन गई।