चिंताहरण गौशाला में गिर गाय के आगमन पर हवन और गौपूजन, पंचगव्य सेवा का भी शुभारंभ

आगरा। धार्मिक आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब श्री चिंताहरण महादेव गौशाला में देशी गिर गौमाता के आगमन के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। हवन, गौपूजन और पंचगव्य वितरण के साथ शुरू हुई इस सेवा ने भक्तों में विशेष उत्साह भर दिया।

Apr 30, 2026 - 20:01
 0
चिंताहरण गौशाला में गिर गाय के आगमन पर हवन और गौपूजन, पंचगव्य सेवा का भी शुभारंभ
चिंताहरण महादेव गौशाला में गुरुवार को गिर गाय के आगमन पर हुए हवन की एक झलक।

गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न हुआ, जिसके पश्चात गिर गौमाता का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को पंचगव्य का वितरण किया गया और प्रसादी ग्रहण कराई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार उपस्थित होकर गौमाता का आशीर्वाद लेते नजर आए।

पंचगव्य सेवा का विस्तार, अब जयपुर हाउस में भी उपलब्ध

कार्यक्रम की सबसे खास बात पंचगव्य वितरण सेवा का शुभारंभ रहा। यह सेवा पिछले 10-12 वर्षों से कमला नगर क्षेत्र में संचालित हो रही थी, जिसे अब विस्तार देते हुए जयपुर हाउस स्थित इस गौशाला में भी नियमित रूप से प्रारंभ किया गया है। अब यह सेवा प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से उपलब्ध रहेगी।

पारंपरिक चिकित्सा में विशेष महत्व

गिर गौमाता से प्राप्त दूध, दही, घी, गौमूत्र और गौरस से तैयार पंचगव्य को आयुर्वेद और भारतीय परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके उपयोग से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, पाचन तंत्र सुधारने, शरीर के शुद्धिकरण, मानसिक शांति और त्वचा संबंधी समस्याओं में लाभ बताए जाते हैं।

इस आयोजन में मुनेंद्र जादौन, अशोक गोयल (सूरत वाले), पुष्पांजलि ग्रुप के चेयरमैन वी.डी. अग्रवाल, एसपी सिंह, अंकित गोयल, लाखन सिंह, सुमित सक्सेना, सुनील अग्रवाल, पप्पू पंडित, गौरव गुप्ता, वरुण प्रजापति, धन्नामल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor