यमुना के लिए कला का बिगुल : रिवर कनेक्ट कैंपेन का सांस्कृतिक जलसा, नृत्य और स्वर से उठी शुद्धिकरण की हुंकार
आगरा। आगरा में रिवर कनेक्ट कैंपेन के वार्षिक सांस्कृतिक जलसे ने कला और पर्यावरण चेतना का अनोखा संगम प्रस्तुत किया। नृत्य ज्योति कथक केंद्र के कला प्रांगण में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में शहर के कलाप्रेमियों की मौजूदगी के बीच यमुना संरक्षण का संदेश जोरदार तरीके से गूंजा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ ज्योति खंडेलवाल के निर्देशन में हुआ, जिसमें बाल कलाकारों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री गणेश वंदना, यमुना स्तुति, ओडिसी नृत्य और “प्रकृति का स्वागत” जैसे भावपूर्ण कार्यक्रम दो घंटे तक दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
कला के जरिए यमुना शुद्धिकरण की मांग तेज
रिवर कनेक्ट कैंपेन के प्रमुख बृज खंडेलवाल ने यमुना नदी शुद्धिकरण अभियान की प्रमुख मांगों को रखते हुए सरकार से अपील की कि आगरा की जीवनरेखा कही जाने वाली यमुना नदी की सुध लेने का अब समय आ गया है। उन्होंने साफ कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
12 वर्षों से आरती के जरिए जागरूकता
यमुना आरती से जुड़े महंत पंडित जुगल किशोर ने बताया कि पिछले 12 वर्षों से नियमित आरती सेवा के माध्यम से जनजागरूकता और यमुना के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने का अभियान लगातार चल रहा है, जिसका सकारात्मक असर भी दिख रहा है।
अभियान से जुड़े राहुल नंदवंशी, दीपक राजपूत, चतुर्भुज तिवारी, पद्मिनी अय्यर, विशाल झा और अभिनव श्रोतरीय ने यमुना संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ महेश धाकड़, देव प्रकाश शर्मा, रिमझिम वर्मा, संजय और सचिन सहित कई संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में डॉ ज्योति खंडेलवाल ने सभी अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।