शाम ढलते ही दयालबाग की हाईराइज में दहशत का मंजर, फ्लैट में आग, मची अफरा-तफरी

दयालबाग की पुष्पांजलि हाइट्स में 11वीं मंजिल के बंद फ्लैट में आग लगने से दहशत फैल गई। दमकल विभाग ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। फ्लैट में भरे कबाड़ ने आग को बढ़ाया। घटना के बाद निवासियों को फायर सेफ्टी की ट्रेनिंग भी दी गई।

Apr 28, 2026 - 20:30
 0
शाम ढलते ही दयालबाग की हाईराइज में दहशत का मंजर, फ्लैट में आग, मची अफरा-तफरी
फ्लैट में जला पड़ा सामान।

आगरा। आगरा के दयालबाग स्थित पुष्पांजलि हाइट्स में मंगलवार शाम अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बहुमंजिला इमारत के एक फ्लैट से घना धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते सोसायटी के लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे परिसर में दहशत फैल गई।

घटना शाम करीब 6:30 बजे की है, जब पर्ल ब्लॉक की 11वीं मंजिल पर स्थित एक बंद फ्लैट में आग लग गई। फ्लैट लंबे समय से खाली पड़ा था और उसमें भारी मात्रा में कबाड़ भरा हुआ था। आग लगते ही कबाड़ ने तेजी से लपटें पकड़ लीं, जिससे धुआं पूरे फ्लोर में फैल गया।

दमकल की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही संजय प्लेस फायर स्टेशन से अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर अपनी टीम और दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम का उपयोग करते हुए करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और अन्य फ्लैट सुरक्षित रहे।

उपकरण थे, लेकिन इस्तेमाल नहीं आता था

इस घटना ने एक बड़ी लापरवाही भी उजागर कर दी। बिल्डिंग में अग्निशमन उपकरण मौजूद थे, लेकिन निवासियों को उनका उपयोग करना नहीं आता था। आग बुझाने के बाद दमकल टीम ने मौके पर ही सोसायटी के निवासियों और स्टाफ को फायर सेफ्टी उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।

कबाड़ बना आग की बड़ी वजह

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फ्लैट लंबे समय से बंद था और उसमें जमा कबाड़ ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फ्लैट के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।