भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत का आगरा में स्वागत, बाबू जगजीवन राम को दी श्रद्धांजलि; चर्मकला बोर्ड की मांग भी उठी, बुद्धा पार्क के लिए सरकार के प्रति आभार
आगरा प्रवास के दौरान भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत ने बाबू जगजीवन राम को श्रद्धांजलि अर्पित की। विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने उनका स्वागत कर चर्मकला बोर्ड गठन की मांग उठाई और मुख्यमंत्री द्वारा बुद्धा पार्क की सौगात के लिए आभार व्यक्त किया।
आगरा। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत के आगरा प्रवास के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बाबू जगजीवन राम को श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने उनसे मुलाकात कर सामाजिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के बुद्धा पार्क की सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया गया, जबकि उत्तर प्रदेश में चर्मकला बोर्ड के गठन की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
बाबू जगजीवन राम को दी श्रद्धांजलि, चर्मकला बोर्ड गठन की उठाई मांग
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत ने बाबू जगजीवन राम पार्क पहुंचकर बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक तथा दलित समाज के सच्चे हितरक्षक थे। उनका योगदान देश और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर जाटव समाज उत्थान समिति की ओर से देवकीनंदन सोन, बंगाली बाबू सोनी, अनिल कुमार संत, रूपसिंह सोनी, विनोद आनंद, राजेंद्र भारती, सत्य प्रकाश, सुरेंद्र डेनियल, प्रमोद पिप्पल और महेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने सांसद अशोक रावत का पगड़ी पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा बाबू जगजीवन राम का चित्र भेंट कर भव्य स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार से चर्मकला बोर्ड का गठन करने की मांग करते हुए कहा कि इससे चर्म उद्योग से जुड़े हजारों लोगों को लाभ मिलेगा और पारंपरिक रोजगार को नई मजबूती मिलेगी।
बुद्धा पार्क की सौगात पर मुख्यमंत्री का जताया आभार, संगठन मजबूत करने का आह्वान

सांसद अशोक रावत का स्वागत करते भाजपा नेता उपेंद्र सिंह एवं अन्य।
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत से भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के बुद्धा पार्क की सौगात दिए जाने पर भाजपा सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह परियोजना आगरा की पर्यटन पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सांसद अशोक रावत ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन स्वीकार करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नेत्रपाल सिंह, आकाश आजाद, अनिल कुमार, रविंद्र कुमार, सोनू कुमार, अमरपाल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।