भीमनगरी में जोश का माहौल: 31 किलोग्राम के केक के साथ गूंजा ‘जय भीम’, कल डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और थाईलैंड के भंते करेंगे उद्घाटन, रालोद ने भी किया बाबा साहब को नमन
आगरा। डॊ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के मौके पर आगरा में सजाई गई भीमनगरी में मंगलवार को उत्साह चरम पर दिखाई दिया। 31वीं भीमनगरी के मंच पर 31 किलोग्राम का केक काटकर जहां जश्न मनाया गया, वहीं जय भीम के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। आयोजन में कल अंतरराष्ट्रीय भंते और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी रहेगी।
शाहगंज स्थित जीआईसी मैदान में भीमनगरी समारोह आयोजन समिति द्वारा आयोजित 31वीं भीमनगरी में बाबा साहब के जन्मोत्सव को विशेष अंदाज में मनाया गया। मुख्य मंच पर 31 किलोग्राम का विशाल केक काटकर लोगों में वितरित किया गया, जिससे पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल बन गया।
इस दौरान बाबा साहब के शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के तहत शिक्षा का भंडारा पहल में रामनगर पुलिया स्थित डॉ. आंबेडकर विद्यालय में लगभग 300 बच्चों को स्कूल बैग और स्टेशनरी वितरित की गई।
मंच पर भीम का जन्मदिन आया, खुशियां हजार लाया गीत की प्रस्तुति के दौरान महिला और पुरुष झूम उठे और पूरा पंडाल जय भीम के जयघोष से गूंज उठा।
आयोजकों ने बताया कि कल भीमनगरी का उद्घाटन थाईलैंड से आए विद्वान भंते फ्रा अमनात इंटीटेचो द्वारा बुद्ध वंदना के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित रहेंगे और बाबा साहब के अनुयायियों को संबोधित करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कल शाम को प्रख्यात पंजाबी लोकगायिका गिन्नी माही की संगीतमय प्रस्तुति भी आयोजन की विशेष आकर्षण होगी, जिससे भीमनगरी की शाम और भी रंगीन होने की उम्मीद है।
Bottom of Form
संविधान के शिल्पकार को रालोद ने किया नमन, समता और तर्क के मार्ग पर चलने का संकल्प

डॊ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उनका स्मरण करते रालोद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
आगरा। राष्ट्रीय लोकदल महानगर इकाई ने संविधान शिल्पी डॊ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का जीवन और दर्शन आज भी समाज को समानता, न्याय और आत्मसम्मान का मार्ग दिखाता है।
आगरा के सिकंदरा स्थित कार्यालय पर राष्ट्रीय लोकदल आगरा महानगर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
महानगर अध्यक्ष पंडित दुर्गेश शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर और नरेन्द्र बघेल ने कहा कि बाबा साहब केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महान बौद्धिक स्तंभ थे। प्रदेश सचिव डॉ. रुपेश चौधरी और पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र सिंह वर्मा एडवोकेट ने कहा कि उनके द्वारा निर्मित संविधान हर नागरिक के लिए समानता और आत्मसम्मान का आधार है। महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. मालती चौधरी और युवा लोकदल के प्रदेश महासचिव डॉ. खेम सिंह राजपूत ने भी विचार रखे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में पंडित दुर्गेश शुक्ला ने कहा कि बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब देशवासी उनके विचारों और सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारें।
कार्यक्रम में किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष भूदेव सिंह (पूर्व उप प्रमुख), प्रदेश मंत्री सतवीर रावत, युवा लोकदल के पूर्व जिला अध्यक्ष मयंक खिरवार, महानगर महामंत्री गणेश जी लाल निषाद, प्रमोद दीक्षित, व्यापार प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष सोनू वर्मा, राहुल जुरैल, हिमांशु शर्मा, अजय वर्मा, नीरज भारद्वाज, संजीव शिवहरे, सौदान सिंह, नीरज शर्मा, शेर सिंह, अन्नू पहलवान, के.के. सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।