पीएम मोदी की सुरक्षा में सेंध की कोशिश,  बेंगलुरु में कार्यक्रम स्थल के पास मिला विस्फोटक, एजेंसियों में हड़कंप

पीएम मोदी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित श्री श्री रवि शंकर की आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन संस्था की ओर से अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

May 10, 2026 - 17:47
 0
पीएम मोदी की सुरक्षा में सेंध की कोशिश,  बेंगलुरु में कार्यक्रम स्थल के पास मिला विस्फोटक, एजेंसियों में हड़कंप

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेंगलुरु यात्रा से पहले रविवार (10 मई, 2026) को शहर के बाहरी इलाके में स्थित कार्यक्रम स्थल से थोड़ी दूर पर दो जिलेटिन स्टिक्स बरामद किए गए हैं। पीएम के कार्यक्रम स्थल के नजदीक जिलेटिन स्टिक्स के बरामद किए जाने के बाद सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। यह विस्फोटक बेंगलुरु के कागलीपुरा के पास एक आश्रम के नजदीक मिली, जो मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर था, जिसमें पीएम मोदी शामिल होने वाले थे।

एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विस्फोटक की बरामदगी के बाद बेंगलुरु सेंट्रल रेंज के डीआईजी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के आने से पहले की जा रही जांच के दौरान दो जिलेटिन स्टि0क्स रविवार (10 मई, 2026) की सुबह फुटपाथ के किनारे से बरामद की गईं, जो मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किमी दूर था, जिसमें पीएम शामिल होने वाले थे।’

उन्होंने कहा, ‘घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इलाके को घेर लिया है। बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया है, जहां बरामद सामग्री की जांच की गई। इस मामले में आगे की जांच फिलहाल जारी है।’

यह घटना खुफिया एजेंसियों की तरफ से संभावित आतंकी खतरे की सूचना मिलने के एक दिन बाद सामने आई है, जिसके चलते दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कई संवेदनशील स्थानों पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने कहा, ‘पुलिस को संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस सामानों और खड़ी गाड़ियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।’

बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में गहनता के साथ अपनी जांच शुरू कर दी है और पुलिस अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर जिलेटिन स्टिक्स उस जगह तक कैसे पहुंचीं और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।

यह घटना ऐसे समय सामने आई जब प्रधानमंत्री मोदी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित श्री श्री रवि शंकर की आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन संस्था की ओर से अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां संस्था की स्थापना के 45 वर्ष पूरे होने के मौके पर एक समारोह का आयोजन किया गया था।