आगरा के निबोहरा क्षेत्र में दलित दूल्हे की बरात रोकने की कोशिश, पुलिस की सख्ती के आगे झुके विरोधी, सुरक्षा घेरे में चढ़ी बरात
आगरा। आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव रामपुर में एक दलित परिवार की बरात के रास्ते को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कुछ ग्रामीणों ने बरात को निर्धारित मार्ग से निकालने पर आपत्ति जताते हुए विरोध किया और चेतावनी दी कि यदि बरात उसी रास्ते से निकाली गई तो परिणाम ठीक नहीं होंगे। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित किया और अपनी मौजूदगी में बरात को शांतिपूर्वक चढ़वाया। इसके बाद विवाह की सभी रस्में सकुशल संपन्न हुईं। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव रामपुर में दलित समाज के गुरचरन की पुत्री यशोदा का विवाह समारोह आयोजित था। विवाह के लिए बरात गांव में पहुंची तो कुछ ग्रामीणों ने बरात को एक मार्ग से निकालने पर आपत्ति जताई। विरोध करने वालों का कहना था कि बरात उस रास्ते से नहीं निकाली जा सकती।
गांव निवासी अनिल कुमार रामपुरिया ने बताया कि बरात को यह कहकर रोकने का प्रयास किया गया कि यदि निर्धारित मार्ग से बरात चढ़ाई गई तो खैर नहीं होगी। लड़की पक्ष ने पहले विरोध कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब बात नहीं बनी तो तत्काल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में बरात को निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्वक चढ़वाया गया।
बरात निकलने के बाद विवाह की सभी रस्में पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न कराई गईं। किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए गांव में एहतियातन पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया।
लड़की के पिता गुरचरन ने समय पर पहुंचकर स्थिति संभालने और बरात को सकुशल चढ़वाने के लिए पुलिस की तत्पर कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस के सहयोग से विवाह कार्यक्रम बिना किसी बड़ी बाधा के संपन्न हो सका।
शमसाबाद के एसीपी राजीव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि रामपुर गांव में बरात के रास्ते को लेकर कुछ विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया। पुलिस की मौजूदगी में बारात सकुशल निकाली गई। गांव में पूरी तरह शांति है और स्थिति सामान्य बनी हुई है।