पिस्टल के बल पर युवक को कार में खींचने की कोशिश, सदर बाजार में मची खलबली

आगरा के सदर बाजार में युवक के कथित अपहरण प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित विनय प्रकाश उर्फ गौरव ने बंटी यादव उर्फ वरुण यादव पर पिस्टल के बल पर मारपीट कर जबरन गाड़ी में बैठाने का आरोप लगाया है। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने युवक को बचाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

May 19, 2026 - 17:31
 0
पिस्टल के बल पर युवक को कार में खींचने की कोशिश, सदर बाजार में मची खलबली

आगरा। आगरा के सदर बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक के कथित अपहरण के प्रयास से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित विनय प्रकाश उर्फ गौरव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि बंटी यादव उर्फ वरुण यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की और पिस्टल के बल पर उसे जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया।

घटना टाटा मोटर्स शोरूम के सामने की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी अचानक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल तानकर उसे धमकाया और जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। युवक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

पीड़ित ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद तुरंत यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। दावा किया जा रहा है कि पूरी घटना कैमरे में कैद हुई है।

सदर बाजार थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।