वनवास की वेदना और केवट की भक्ति से भीगे श्रोता: रामकथा में उमड़ा आस्था का सागर, बबीता चौहान ने संस्कारों पर दिया जोर

आगरा के शास्त्री नगर स्थित श्री हनुमंत धाम में चल रही श्रीराम कथा के सातवें दिवस भक्ति और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। वनवास गमन और केवट प्रसंग के मार्मिक वर्णन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा व्यास भरत उपाध्याय के ओजस्वी शब्दों ने जहां कथा पंडाल को राममय बना दिया, वहीं मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने संस्कार और संस्कृति की महत्ता पर जोर देते हुए समाज को नई दिशा का संदेश दिया।

Mar 17, 2026 - 22:06
 0
वनवास की वेदना और केवट की भक्ति से भीगे श्रोता: रामकथा में उमड़ा आस्था का सागर, बबीता चौहान ने संस्कारों पर दिया जोर
गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में शास्त्री नगर स्थित श्री हनुमंत धाम में आयोजित श्रीराम कथा में प्रसंग सुनाते कथा व्यास भरत उपाध्याय। आरती में शामिल राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, राकेश गर्ग, रामकुमार शर्मा व अन्य श्रद्धालु।

वनवास गमन: त्याग और मर्यादा का सर्वोच्च उदाहरण
गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय श्रीराम कथा में सातवें दिन कथा व्यास भरत उपाध्याय ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास गमन का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि श्रीराम ने पिता के वचन की मर्यादा निभाने के लिए राजसुख त्यागकर वनवास स्वीकार किया, जो त्याग, कर्तव्य और आदर्श जीवन का अनुपम उदाहरण है। कथा के दौरान केवट प्रसंग ने श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं।

बबीता चौहान का संदेश: संस्कृति से ही बनेगा सशक्त समाज
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने व्यास पूजन कर श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं और भारत की पहचान उसकी संस्कृति में निहित है।

उन्होंने माता की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि बच्चों को संस्कार देना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि अभिभावक कथा सुनने के साथ अपने बच्चों को भी अवश्य लाएं, ताकि नई पीढ़ी अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ सके।

मोबाइल शिक्षा पर सख्त रुख, शिकायत का खुला विकल्प
डॉ. चौहान ने बताया कि उन्होंने निर्देश जारी किए हैं कि पांचवीं कक्षा तक के बच्चों की पढ़ाई मोबाइल के माध्यम से न कराई जाए। यदि कहीं इसका दुरुपयोग होता है तो इसकी शिकायत महिला आयोग से की जा सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका मोबाइल 24 घंटे खुला रहता है और वह लगातार प्रदेश में दौरा कर समस्याओं का समाधान कर रही हैं।

रामकथा जीवन मूल्यों का आधार: राकेश गर्ग
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि रामकथा भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों की आधारशिला है। श्रीराम का जीवन कर्तव्य, मर्यादा और आदर्शों की प्रेरणा देता है।

भक्ति के स्वर में गूंजा कथा पंडाल, सामूहिक आरती में उमड़ा जनसैलाब
कथा विश्राम के पश्चात श्रीरामचरितमानस जी की आरती गिरिराज से आए हरवीर बाबा, लखन दास बाबा, डॉ. बबीता सिंह चौहान, राकेश गर्ग, गोपी गुरु जी, चेयरमैन रामकुमार शर्मा, डॉ. दीपेश उपाध्याय, सोनी सिंह, राजीव दुबे, लालू जादौन, जयदीप ग्रोवर, शालू गुप्ता, डॉ. एस.पी. शर्मा, डॉ. राधाकृष्णन गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालुओं ने की। पूरा परिसर भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा।

SP_Singh AURGURU Editor