आचार्य निर्भय सागर महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश, जयकारों से गूंजा ट्रांस यमुना कॉलोनी जैन मंदिर

आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित श्री 1008 चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य श्री 108 निर्भय सागर जी महाराज ससंघ का भव्य स्वागत किया गया। छिपीटोला से मंगल विहार करते हुए पहुंचे आचार्य श्री का श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया। समिति ने आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए समाज के लोगों से समय पर पहुंचकर धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया है।

Jul 8, 2026 - 16:59
 0
आचार्य निर्भय सागर महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश, जयकारों से गूंजा ट्रांस यमुना कॉलोनी जैन मंदिर
मंदिर में जैन संतों के प्रवेश करने पर जयकारे लगाते श्रद्धालु।

आगरा। आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित श्री 1008 चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर में उस समय भक्तिमय माहौल बन गया, जब वैज्ञानिक संत आचार्य श्री 108 निर्भय सागर जी महाराज ससंघ अपने 10 पिच्छीधारी मुनिराजों के साथ मंगल विहार करते हुए मंदिर पहुंचे। छिपीटोला से प्रारंभ हुए मंगल विहार के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आचार्य श्री का स्वागत किया और धर्म जयघोषों से वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

मंदिर परिसर में आचार्य श्री के आगमन पर ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में जैन समाज के महिला-पुरुष, युवा और बच्चे इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने। पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन समिति, ट्रांस यमुना कॉलोनी के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने आचार्य श्री का विधिवत अभिनंदन किया। स्वागत समारोह में जितेंद्र जैन 'बंटी', धर्मेंद्र जैन, राजीव जैन, मोहित जैन, वैभव जैन, पंकज जैन, कमल जैन, प्रशांत जैन, संजीव जैन, ऋषभ जैन, ऋतिक जैन, संयम जैन, केतन जैन, सिद्ध शरण, राजेश जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

महिला श्रद्धालुओं में प्रीति जैन, तृप्ति जैन, पारुल जैन, पूजा जैन, संगीता जैन, सपना जैन सहित अनेक महिलाओं ने भी धर्म लाभ प्राप्त किया। इसके अलावा नवदेव चरण चेतना मंच, छिपीटोला के सदस्य तथा ब्रह्मचारिणी दीदी लवली और दीदी झिलमिल भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

आचार्य श्री के मंगल विहार के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। समिति ने बताया कि आचार्य श्री के सान्निध्य में आगामी दिनों में प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें समाज के सभी धर्मानुरागी बंधुओं से समय पर पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया गया है।

आगामी कार्यक्रम
अमृतमयी प्रवचन – प्रातः 7:30 बजे
आहारचर्या – प्रातः 8:30 बजे
शंका समाधान – सायं 6:30 बजे
वैयावृत्ति – रात्रि 8:30 बजे

समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आचार्य श्री के दिव्य प्रवचनों का लाभ लेने और पुण्य अर्जित करने की अपील की है।