आगरा के जयपुर हाउस जैन मंदिर में आचार्य निर्भयसागर ससंघ का मंगल प्रवेश, नेमि गिरनार धर्मयात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत
आगरा। जैन समाज के लिए रविवार का दिन आध्यात्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। वैज्ञानिक संत आचार्य श्री 108 निर्भयसागर जी महाराज ससंघ का जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश हुआ। इस दौरान दिल्ली से विश्व जैन संगठन के संयोजन में निकली नेमि गिरनार धर्मयात्रा 2026 का भी जयपुर हाउस पहुंचने पर पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान नेमिनाथ की प्रतिमा का जिनाभिषेक एवं पूजन कर धर्मलाभ अर्जित किया। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रविवार प्रातः सेक्टर-7 स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से आचार्य श्री निर्भयसागर जी महाराज ससंघ का मंगल विहार गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और जयघोष के बीच प्रारंभ हुआ। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई जयपुर हाउस स्थित मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आचार्यश्री के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनका भव्य स्वागत किया। टीचर्स कॉलोनी स्थित मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री का अभिनंदन किया।
इसी अवसर पर विश्व जैन संगठन के संयोजन में दिल्ली से चलकर आई नेमि गिरनार धर्मयात्रा 2026 का रथ भी जयपुर हाउस जैन मंदिर पहुंचा। मंदिर समिति द्वारा धर्मयात्रा का पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। धर्मयात्रा रथ पर विराजमान काले पाषाण से निर्मित लगभग सवा दो फुट ऊंची भगवान नेमिनाथ की मनोहारी प्रतिमा का श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जिनाभिषेक एवं पूजन किया।
मंगल प्रवचन में आचार्य श्री 108 निर्भयसागर जी महाराज ने भगवान नेमिनाथ के तप, त्याग और मोक्ष मार्ग का महत्व बताते हुए कहा कि आगामी 20 जुलाई को भगवान नेमिनाथ के निर्वाण महोत्सव पर अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालु बसों, रेल यात्राओं तथा अन्य साधनों से गिरनार जी पहुंचकर लाडू अर्पित करें और धर्म लाभ प्राप्त करें। उन्होंने इसे पूरे जैन समाज के लिए एक ऐतिहासिक धार्मिक अवसर बताते हुए व्यापक भागीदारी का आह्वान किया।
प्रवचन के उपरांत नेमि गिरनार धर्मयात्रा को जयपुर हाउस क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर भव्य रूप से भ्रमण कराया गया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर धर्मयात्रा का स्वागत किया और भगवान नेमिनाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आयोजन के अंत में मंदिर समिति ने विश्व जैन संगठन के अध्यक्ष संजय जैन एवं उनके साथ आए पदाधिकारियों का दुपट्टा एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया।
इस अवसर पर संजय जैन, अनंत कुमार जैन, राकेश जैन परदेवाले, दीपक जैन, डॉ. जितेन्द्र जैन, अशोक जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, मनोज जैन बल्लो, राजेश जैन, कुमार मंगलम जैन, सोनू जैन, महेश चंद जैन, प्रशांत जैन, मोहित जैन, अंकेश जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित जयपुर हाउस, छीपीटोला, सेक्टर-7, कमला नगर, ट्रांसयमुना तथा आगरा के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।