मंत्रों से गूंजा यमुना तट, भूमि पूजन-हवन के साथ महालक्ष्मी मंदिर में 18वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुरू

आगरा। यमुना तट स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और सुंदरकांड पाठ के साथ 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। श्री देवीजी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव में 5 सितंबर तक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रसधारा बहेगी।

Sep 1, 2026 - 17:53
 0
मंत्रों से गूंजा यमुना तट, भूमि पूजन-हवन के साथ महालक्ष्मी मंदिर में 18वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुरू
बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के शुभारंभ पर भूमि पूजन-हवन में आहुति अर्पित करते श्रद्धालु।

मां महालक्ष्मी के चरणों में श्रद्धा निवेदित करते हुए आचार्य संतोष शास्त्री के मार्गदर्शन में राम मोहन कपूर, सतीश गोपाल कपूर, अपिल अंजलि कपूर और तुषार शिवानी कपूर ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद पंडित सीपी शर्मा द्वारा स्वरबद्ध संगीतमय सुंदरकांड पाठ ने वातावरण को राम और कृष्ण भक्ति से सराबोर कर दिया।

श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव लगातार 18वें वर्ष श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित हो रहा है। बुधवार को ‘कान्हा के नाम की मेहंदी’ और म्यूजिक भजन कंसर्ट होगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वल्लभा बैंड प्रस्तुति देगा।

3 सितंबर को निकलेगी भव्य निशान यात्रा

3 सितंबर को सुबह सात बजे बल्केश्वर महादेव मंदिर से श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी तक भव्य भक्ति निशान यात्रा निकलेगी। इसमें सैकड़ों श्रद्धालु निशान लेकर शामिल होंगे। मार्ग में पुष्पवर्षा और इत्रवर्षा से यात्रा का स्वागत किया जाएगा। शाम को राधानगर से श्री महालक्ष्मी मंदिर तक पोशाक यात्रा निकलेगी। वृंदावन से विशेष रूप से तैयार होकर आ रही 11 किलो वजन की सतरंगी पोशाक मां महालक्ष्मी को अर्पित की जाएगी।

भजन संध्या में उमड़ेगा भक्तिरस

4 सितंबर की शाम प्रख्यात भजन गायक ब्रजराज सिंह लक्खा, कानपुर की शर्मा सिस्टर्स तथा बेटू व आल्या शर्मा भजन प्रस्तुत करेंगे। इसी दिन मां महालक्ष्मी का श्रृंगार फूल बंगला वाटिका की थीम पर किया जाएगा।

महोत्सव के अंतिम दिन 5 सितंबर को सात हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विशाल शाम की रसोई आयोजित होगी। आयोजन में अशोक आशा सिंघल, अजय अंशु अग्रवाल, अखिलेश स्वाति गुप्ता, अमित रश्मि मित्तल, दिलीप श्रुति बंसल, ध्रुव आयुषी गर्ग, गौरव रीना वार्ष्णेय, हेमंत पायल मोहता, करतार चंद्र शुभलेश शास्त्री, मनोज मनीषा जैन, केएल अग्रवाल, मनीष गुप्ता, मनीष सुकृती सिंघल, मनीष रचना गोयल, मुकेश संध्या गुप्ता, पवन प्रीति जैन, राकेश ममता अग्रवाल, राकेश निर्मला अग्रवाल, सुमित सुलेखा बंसल, तनु गुप्ता, विष्णु शकुन अग्रवाल और विष्णु रश्मि गर्ग आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor