बरेली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से गन्ना राज्य मंत्री के 15 वर्षीय भतीजे की गर्दन कटी, श्यामगंज फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा किशोर, डीएम-एसएसपी से जवाब मांगेंगे मंत्री
-आरके सिंह- बरेली। प्रतिबंध के बावजूद बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सोमवार को बरेली के श्यामगंज फ्लाईओवर पर उत्तर प्रदेश के गन्ना राज्य मंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे वीर सिंह गंगवार की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कट गई। गंभीर हालत में उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही राज्य मंत्री संजय गंगवार पीलीभीत से सीधे बरेली पहुंचे और अस्पताल में चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।
घायल वीर सिंह गंगवार, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार का पुत्र है। बताया गया कि सोमवार को वह अपनी स्कूटी से स्टेडियम जा रहा था। जब वह शहर के व्यस्त श्यामगंज फ्लाईओवर से गुजर रहा था, तभी हवा में लटक रहा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा अचानक उसके गले में फंस गया। मांझे की धार से उनकी गर्दन कट गई और वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इस किशोरको संभाला और परिजनों को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल वीर सिंह को आनन-फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गन्ना राज्य मंत्री संजय गंगवार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। मंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में इसकी उपलब्धता बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में जिला प्रशासन से जवाब तलब किया जाएगा। वह बरेली के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर यह जानेंगे कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा आखिर शहर में कैसे बिक रहा है। उन्होंने बताया कि सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस पहले से ही चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चला रही है। इस घटना के बाद अभियान और तेज किया जाएगा। जहां भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बिकता मिला, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि जब चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है तो इसकी खुलेआम बिक्री कैसे हो रही है। लोगों ने प्रशासन से बाजारों में सघन अभियान चलाकर प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का कारोबार लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।