बरेली में शादी के 16 दिन बाद नवविवाहिता का शव नदी में मिला, दहेज के लिए हत्या का आरोप, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

-आरके सिंह- बरेली। जिले में शादी के महज 16 दिन बाद एक 21 वर्षीय नवविवाहिता का शव नदी से मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Jul 12, 2026 - 23:05
 0
बरेली में शादी के 16 दिन बाद नवविवाहिता का शव नदी में मिला, दहेज के लिए हत्या का आरोप, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
एआई इमेज।

नवविवाहिता का शव नदी से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 21 वर्षीय श्रीदेवी के रूप में हुई है, जो रघुवीपुरा गांव की रहने वाली थी।

परिजनों के अनुसार, श्रीदेवी की शादी 26 जून को बदायूं जिले के एक युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद वह मायके लौट आई थी। परिवार का कहना है कि ससुराल में उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते वह दोबारा ससुराल जाने के लिए तैयार नहीं थी।

परिजनों ने बताया कि 9 जुलाई को श्रीदेवी बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने श्रीदेवी को गांव के पास नदी की ओर जाते हुए देखा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से नदी और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया। रविवार को नदी से उसका शव बरामद कर लिया गया।

मृतका के पिता नेत्रपाल ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए लगातार परेशान किया जा रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

बिशारतगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि 21 वर्षीय युवती का शव नदी से बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

SP_Singh AURGURU Editor