बरेली में दस फिट जमीन के लिए भाई बना कातिल, ईंट मारकर छोटे भाई की ले ली जान, दीवार गिराने के विवाद में खून से लाल हुआ आंगन
-आरके सिंह- बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सिजौलिया में महज दस फिट जमीन और घर के बंटवारे को लेकर हुए खूनी संघर्ष ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। बड़े भाई ने मामूली विवाद में अपने ही छोटे भाई के सिर पर ईंट मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
दिल दहला देने वाली यह वारदात शनिवार रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। गांव सिजौलिया निवासी दिलवर शाह के पांच पुत्र हैं। इनमें सबसे बड़े फरियाद शाह, दूसरे रहमत शाह, तीसरे अजब शाह, चौथे शमशाद शाह और सबसे छोटे मोहम्मद इरफान शाह हैं।
घर के हिस्से और दीवार को लेकर बढ़ा विवाद
ग्रामीणों के अनुसार परिवार में लंबे समय से घरेलू बंटवारे और जमीन को लेकर तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि चौथे नंबर के भाई शमशाद शाह ने अपने हिस्से का घर तीसरे नंबर के भाई अजब शाह को बेच दिया था। इसी हिस्से में बनी पुरानी दीवार को गिराने को लेकर शनिवार रात अजब शाह और सबसे छोटे भाई मोहम्मद इरफान शाह के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान अजब शाह ने गुस्से में ईंट उठाकर छोटे भाई मोहम्मद इरफान शाह पर फेंक दी। ईंट सीधे इरफान के सिर में जाकर लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांसें
परिवार के लोग घायल इरफान को आनन-फानन में नवाबगंज के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में दहशत फैल गई।
पत्नी और बेटों की भूमिका की भी चर्चा
घटना के बाद आरोपी अजब शाह मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि विवाद के दौरान आरोपी के पुत्रों और पत्नी की भूमिका भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव और चौकी इंचार्ज सचिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।