बरेली में ऑक्सीजन सिलिंडरों से भरे कैंटर ने स्कॉर्पियो को रौंदा, पंजाब के तीन लोगों की मौके पर मौत, दो जिंदगी की जंग लड़ रहे
-आरके सिंह- बरेली। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। निर्माणाधीन वन-वे मार्ग पर ऑक्सीजन सिलिंडरों से भरे कैंटर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन वन-वे मार्ग और तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
बरेली के अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि हादसा नवाबगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव के पास बरेली-पीलीभीत हाईवे पर हुआ। यहां हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण सड़क को वन-वे किया गया था। इसी दौरान ऑक्सीजन सिलिंडरों से भरे कैंटर और सामने से आ रही स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के समय स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग लखीमपुर खीरी के पलिया से पंजाब लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग वाहन के अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में फतेहगढ़ (पंजाब) निवासी भूपेंद्र कौर (62 वर्ष), हरजीत सिंह (60 वर्ष) तथा लुधियाना निवासी संतोष सिंह (65 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कॉर्पियो चालक मुकुंद सिंह और लाडी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल कैंटर में बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलिंडर लदे हुए थे। कैंटर चालक पंचम लाल, निवासी मथुरापुर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर उनकी तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन वनवे मार्ग और तेज रफ्तार के बीच समन्वय की कमी हादसे की संभावित वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।