साइबर हमले से ठप पड़ा बरेली नगर निगम: टैक्स बिलिंग से ई-टेंडरिंग तक थमा काम, पूरे दिन जूझता रहा तंत्र, अमेरिकन होस्टिंग कंपनी के सर्वर पर अटैक की आशंका, देर रात बहाल हुईं सेवाएं
-आरके सिंह- बरेली। बरेली नगर निगम की वेबसाइट पर संदिग्ध साइबर हमले के बाद बुधवार को पूरे दिन निगम की ऑनलाइन सेवाएं ठप रहीं, जिससे टैक्स बिलिंग, यूपीआई भुगतान और ई-टेंडरिंग सहित तमाम प्रशासनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो गए। नगर निगम का पूरा डिजिटल सिस्टम अचानक बंद पड़ने से अधिकारियों और कर्मचारियों को परेशान देखा गया। देर रात तकनीकी टीम की मशक्कत के बाद वेबसाइट की सेवाएं बहाल हो सकीं।
नगर निगम की वेबसाइट अमेरिकन होस्टिंग कंपनी ब्लू होस्ट पर संचालित की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी सर्वर पर साइबर अटैक हुआ, जिसके चलते निगम का डेटाबेस प्रभावित हो गया। सिस्टम ठप होने से अधिकारियों और कर्मचारियों की डेटाबेस तक पहुंच बंद हो गई और ऑनलाइन कार्य पूरी तरह बाधित हो गया।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने गुरुवार को बताया कि तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अरिहंस और ब्लू होस्ट कंपनी के विशेषज्ञों के साथ लगातार संपर्क कर सर्वर को क्लीन करने की प्रक्रिया चलाई गई। उन्होंने कहा कि बुधवार देर रात तक सभी सेवाएं बहाल कर दी गईं और गुरुवार को निगम के सभी अनुभागों में सामान्य रूप से काम शुरू हो गया।
साइबर हमले की वजह से नगर निगम की ऑनलाइन टैक्स बिलिंग प्रणाली पूरी तरह ठप हो गई थी। यूपीआई के माध्यम से होने वाले भुगतान भी रुक गए, जबकि विकास कार्यों के लिए जरूरी ई-टेंडरिंग प्रक्रिया पर भी असर पड़ा। आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में नगर निगम के खाते में प्रतिदिन 50 से 80 लाख रुपये तक का राजस्व जमा होता है। सिस्टम बंद होने के कारण राजस्व प्रक्रिया प्रभावित हुई, हालांकि अधिकारियों का दावा है कि इससे निगम को आर्थिक नुकसान नहीं हुआ है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने कहा कि बुधवार को जो राजस्व जमा नहीं हो सका, वह गुरुवार को जमा हो जाएगा। फिलहाल तकनीकी टीम पूरे सिस्टम की निगरानी कर रही है ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो।