बकरीद पर बरेली परिक्षेत्र हाई अलर्ट पर, 12 हजार से अधिक पुलिसकर्मी, सात कंपनी पीएसी, ड्रोन-सीसीटीवी निगरानी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के साथ बड़ी तैयारी
-आरके सिंह- बरेली। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए बरेली परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार संवेदनशील इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया जा रहा है। पूरे परिक्षेत्र को सुपर जोन, जोन, सेक्टर और सब सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है। ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और भारी पुलिस फोर्स की तैनाती के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने बताया कि बकरीद के मद्देनजर बरेली परिक्षेत्र के चारों जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। पूरे परिक्षेत्र को 08 सुपर जोन, 30 जोन, 85 सेक्टर और 332 सब सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल तैनात रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के 11 अधिकारी, 37 क्षेत्राधिकारी, 91 प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 257 निरीक्षक, 1741 उपनिरीक्षक एवं मुख्य उपनिरीक्षक, 2578 मुख्य आरक्षी, 5712 आरक्षी तथा 2033 महिला मुख्य आरक्षी एवं महिला आरक्षियों सहित कुल 12,460 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा मुख्यालय डीजी रिजर्व से 03 कंपनी और 02 प्लाटून पीएसी, एडीजी बरेली जोन रिजर्व से 01 कंपनी पीएसी तथा रेंज रिजर्व से 03 कंपनी पीएसी तैनात की गई हैं। कुल मिलाकर 07 कंपनी और 02 प्लाटून पीएसी बल सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
पुलिस प्रशासन द्वारा संभ्रांत नागरिकों, पीस कमेटी सदस्यों और धर्मगुरुओं के साथ लगातार बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। परिक्षेत्र में अब तक कुल 171 गोष्ठियां आयोजित की गईं, जिनमें बरेली में 50, बदायूं में 42, पीलीभीत में 38 और शाहजहांपुर में 41 बैठकें शामिल हैं। इन बैठकों में लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि कुर्बानी केवल निर्धारित और अनुमन्य स्थानों पर ही की जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह वर्जित रहेगी। साथ ही कुर्बानी के अवशेष सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की गई है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर नमाज अदा नहीं की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आमजन से सहयोग मांगा गया है। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और लोगों को चेतावनी दी गई है कि भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि विगत वर्षों में चिन्हित खुराफाती तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यूपी-112 की टीमों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष रूप से तैनात किया गया है।
बरेली परिक्षेत्र पुलिस का कहना है कि पर्याप्त पुलिस बल, लगातार गश्त, तकनीकी निगरानी और जनसहयोग के माध्यम से बकरीद पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा।