आगरा में स्टीमर ले जाते समय टूटा बटेश्वर-भरतार का पीपा पुल, यमुना में समाई हाइड्रा मशीन, कई गांवों का आवागमन बाधित
-नीरज परिहार- आगरा। बाह क्षेत्र में बटेश्वर और कल्याणपुर भरतार के बीच यमुना नदी पर बना पीपा (पांटून) पुल बुधवार को अचानक टूट गया। स्टीमर को नदी के दूसरी ओर ले जाने के दौरान दो हाइड्रा मशीनों के भार से पुल का एक पीपा और गार्डर टूट गया, जिससे एक हाइड्रा मशीन यमुना में जा गिरी। चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।

हादसे के कारण यमुना में समाई दिख रही हाइड्रा मशीन।
पीपा पुल पर यह हादसा तब हुआ जब दो हाइड्रा मशीनों की सहायता से एक स्टीमर को नदी के दूसरी ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुल के बीच में पहुंचते ही अधिक भार के कारण एक पीपा अचानक पानी में धंस गया और उससे जुड़ा गार्डर टूट गया।
गार्डर टूटते ही पुल का संतुलन बिगड़ गया और उस पर चल रही एक हाइड्रा मशीन सीधे यमुना नदी में जा गिरी। हादसे के समय मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हाइड्रा चालक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
पीपों का पुल टूटने से बटेश्वर, कल्याणपुर भरतार सहित आसपास के कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया। ग्रामीणों को आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सौरभ कुमार ने इस हादसे के लिए लोक निर्माण विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि दो महीने पहले भी ऐसा ही एक हादसा हो चुका है। विभाग के इंजीनियर चेक नहीं करते। पुल के बोल्ट अभी भी चेक किये जाएं तो ढीले मिलेंगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुल का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया गया। फिलहाल पुल पर आवागमन रोक दिया गया है और उसे जल्द दुरुस्त कराने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है कि हादसा क्षमता से अधिक भार के कारण हुआ या तकनीकी खामी इसकी वजह बनी।