आगरा के कमला नगर में बैटरी बाइक शोरूम जलकर खाक, पार्षद की तत्परता से टला बड़ा हादसा
कमला नगर के शालीमार एक्सचेंज में बैटरी बाइक की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे पूरा सामान जलकर खाक हो गया। पार्षद हरिओम गोयल की तत्परता से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। कोई जनहानि नहीं हुई।
आगरा। कमला नगर क्षेत्र की शालीमार एक्सचेंज में स्थित एक बैटरी बाइक की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रहीं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद हरिओम गोयल मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। उनकी तत्परता के चलते दमकल विभाग की टीम जल्द ही मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।