चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण करें, नगरायुक्त से मिला रालोद प्रतिनिधिमंडल

आगरा। किसान मसीहा, देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि से पहले राष्ट्रीय लोकदल ने दीवानी चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम प्रशासन पर दबाव बनाया। सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से मुलाकात कर प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, फाउंटेन संचालन और अन्य व्यवस्थाएं 29 मई से पहले दुरुस्त कराने की मांग की।

May 25, 2026 - 18:34
 0
चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण करें, नगरायुक्त से मिला रालोद प्रतिनिधिमंडल
नगर आयुक्त को चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर ज्ञापन देते रालोद नेता और कार्यकर्ता।

रालोद नेताओं ने नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में कहा कि 29 मई को चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर दीवानी चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल पर हवन, विचार गोष्ठी और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, सामाजिक संगठनों के लोग और राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता शामिल होंगे। ऐसे में प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई समय रहते कराना बेहद आवश्यक है।

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को बताया कि चौधरी चरण सिंह देश के किसानों के सबसे बड़े नेता रहे हैं और हर वर्ष बड़ी संख्या में उनके अनुयायी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचते हैं। उन्होंने मांग की कि प्रतिमा स्थल की विशेष साफ-सफाई कराकर फाउंटेन और लाइटिंग व्यवस्था भी सुचारु रूप से शुरू कराई जाए।

महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से जुड़ी कई समस्याएं नगर आयुक्त के समक्ष रखीं। इस पर नगर आयुक्त ने प्रतिमा स्थल का बेहतर सौंदर्यीकरण कराने और जन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में ब्रज क्षेत्र महासचिव पुरुषोत्तम त्यागी, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री सतवीर रावत, वरिष्ठ नेता चौधरी दिलीप सिंह, आलोक चौधरी, नरेन्द्र सिंह चाहर, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष चौधरी बाबूलाल प्रधान, व्यापार प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष सोनू वर्मा, महानगर उपाध्यक्ष मास्टर सुरेन्द्र सिंह, निर्मल मथुरिया, महामंत्री राहुल जूरैल, गणेशी लाल तोमर, संजीव शिवहरे, सुनील राजपूत, शेर सिंह फौजदार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor