कैला देवी दर्शन को जा रहे आगरा के पदयात्रियों पर मधुमक्खियों का हमला: फतेहपुर सीकरी में तेरा दरवाजा के पास मची अफरा-तफरी, पांच श्रद्धालु घायल, अस्पताल में भर्ती

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में शुक्रवार को कैला देवी मंदिर के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस सेवा ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

Mar 13, 2026 - 20:52
 0
कैला देवी दर्शन को जा रहे आगरा के पदयात्रियों पर मधुमक्खियों का हमला: फतेहपुर सीकरी में तेरा दरवाजा के पास मची अफरा-तफरी, पांच श्रद्धालु घायल, अस्पताल में भर्ती
फतेहपुर सीकरी में मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए कैलादेवी भक्त अस्पताल में उपचाररत।

फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के तेरा दरवाजा के समीप उस समय हड़कंप मच गया जब कैला देवी मंदिर के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के एक समूह पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। बताया जाता है कि श्रद्धालु धार्मिक भजन-कीर्तन गाते हुए पैदल यात्रा कर रहे थे।

जैसे ही श्रद्धालुओं का समूह तेरा दरवाजा के पास पहुंचा, अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों के हमले से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में करीब पांच श्रद्धालु मधुमक्खियों के काटने से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी सौरभ सिंह और पायलट पुष्पेंद्र यादव ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया।

मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए श्रद्धालुओं की पहचान दुर्गेश पुत्र अनार सिंह निवासी खेरिया मोड़ आगरा, लक्ष्मी पत्नी दुर्गेश निवासी खेरिया मोड़ आगरा, बबलू पुत्र जग्गू निवासी गांव दूरा फतेहपुर सीकरी, राहुल पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी टेढ़ी बगिया आगरा तथा रामवीर सिंह पुत्र रौनक सिंह निवासी बलदेव के रूप में हुई है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी की हालत पर निगरानी रखी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचा दिए जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।

SP_Singh AURGURU Editor