चार्ज से पहले श्रीमनःकामेश्वरनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की नवागत डीएम मनीष बंसल ने, आगरा में नई कार्यशैली की आहट
आगरा। जनपद के नवागत जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कार्यभार संभालने से पहले ही आस्था, परंपरा और जिम्मेदारी का संगम दिखाया। आगरा पहुंचते ही उन्होंने सीधे श्रीमनःकामेश्वरनाथ मंदिर का रुख किया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद ही प्रशासनिक कार्यों की शुरुआत की।
मंदिर परिसर में मुख्य महंत योगेश पुरी महाराज ने जिलाधिकारी का विधिवत स्वागत करते हुए वैदिक रीति से पूजन संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर में धार्मिक वातावरण के बीच जिलाधिकारी ने जनकल्याण, सुशासन और जनपद की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के बाद जिलाधिकारी मनीष बंसल कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। चार्ज ग्रहण करने के दूसरे दिन ही नवागत जिलाधिकारी ने जिस तरह से जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया है, उससे जिले की जनता को उम्मीद है कि नए जिलाधिकारी विकास कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करेंगे।