बंगाल में ‘परिवर्तन’ का जश्न, आगरा में व्यापारियों ने बांटी मिठास, ढोल-नगाड़ों संग उत्सव
आगरा के भगत सिंह चौक पर व्यापारियों और महिला शक्ति ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक बदलाव पर जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों के साथ रसगुल्ले और पेठा बांटकर खुशी जाहिर की गई। वक्ताओं ने इसे “बंगाल की वास्तविक आजादी” बताते हुए महिला सुरक्षा और विकास की नई उम्मीद जताई।
आगरा। आगरा में पश्चिम बंगाल के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर जोरदार जश्न देखने को मिला। नूरी दरवाजा स्थित भगत सिंह चौक पर शहर के प्रमुख व्यापारियों और महिला शक्ति ने एकत्र होकर मिठाई वितरण कर अपनी खुशी जाहिर की। कार्यक्रम में बंगाल में कथित अराजकता, घुसपैठ, आतंकवादी गतिविधियों और महिला उत्पीड़न से मुक्ति मिलने पर उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद “इंकलाब जिंदाबाद”, “भगत सिंह अमर रहें” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
रसगुल्ले और पेठे से बांटी खुशी
जश्न के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध रसगुल्ले और आगरा के विश्वप्रसिद्ध पेठे वितरित किए गए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर व्यापारियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
कार्यक्रम संयोजक और कैट व्यापारिक संगठन के जिला अध्यक्ष रोहित कत्याल ने कहा कि देश भले ही 1947 में आजाद हो गया था, लेकिन पश्चिम बंगाल को “वास्तविक आजादी” अब जाकर मिली है। उनका कहना था कि अब केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सकेंगी। पेठा व्यवसायी राजेश अग्रवाल ने दावा किया कि ममता बनर्जी के सत्ता से हटने के बाद राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल अब आतंकवाद, अलगाववाद और तुष्टिकरण की राजनीति से बाहर निकल सकेगा।
भारतीय जनता पार्टी की आगरा महानगर उपाध्यक्ष डॉ. निधि शर्मा ने कहा कि पहले महिलाओं को उत्पीड़न और असुरक्षा का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब “डबल इंजन सरकार” महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
इनकी रही प्रमुख मौजूदगी
इस अवसर पर आगरा पेठा एसोसिएशन और विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। इनमें विश्वनाथ जुनेजा, सोनू कक्कड़, संजय ढींगरा, महेश अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, महावीर मंगल, सुंदर लाल चेतवानी, राहुल शर्मा, वरुण ग्रोवर, अनूप बंसल, अशोक लालवानी, दीपक चंदेल, जयदार सिंह जुल्का, मंजू गुप्ता, अंजू गर्ग, कुमकुम उपाध्याय और माधुरी माहोर सहित अन्य शामिल रहे।