आगरा में सट्टा सिंडीकेट का भंडाफोड़, 9.17 लाख नकद के साथ 6 बुकी गिरफ्तार, कई इलाकों तक फैला था नेटवर्क

रकाबगंज और सदर बाजार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सट्टा गिरोह का भंडाफोड़। ईदगाह के कुतलुपुर क्षेत्र से 6 आरोपी गिरफ्तार। आरोपियों के पास से 9.17 लाख रुपये नकद बरामद। 286 सट्टा पर्चियां, 16 डायरी और 4 मोबाइल फोन जब्त। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी।

Jun 25, 2026 - 17:46
 0
आगरा में सट्टा सिंडीकेट का भंडाफोड़, 9.17 लाख नकद के साथ 6 बुकी गिरफ्तार, कई इलाकों तक फैला था नेटवर्क
पुलिस की गिरफ्त में सट्टा बुकी।

आगरा। आगरा में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रकाबगंज और सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ईदगाह क्षेत्र के कुलपुरा में छापेमारी कर सट्टे की खाई-बाड़ी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 लाख 17 हजार 42 रुपये नकद, सट्टे से संबंधित पर्चियां, डायरी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुतलुपुर क्षेत्र में बड़े स्तर पर अवैध सट्टे का संचालन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर रकाबगंज और सदर बाजार थाने की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया गया, जो सट्टे की खाई-बाड़ी और हिसाब-किताब का काम कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक, योगेश, दीपक, मनीष, जाकिर और वकील के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं और मिलकर सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और रोजाना बड़ी रकम का लेन-देन कर रहा था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 9,17,042 रुपये नकद, 286 सट्टा पर्चियां, 16 डायरी, चार मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए। बरामद डायरी और मोबाइल फोन से पुलिस को नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना रकाबगंज में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वित्तीय नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।