भापिप नवज्योति का बाल संस्कार शिविर शुरू, बेटियों को आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा का मिला प्रशिक्षण
भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद् 'नवज्योति' शाखा ने बुधवार को दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में त्रि-दिवसीय बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ किया। शिविर के पहले दिन बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए संस्कार, कौशल विकास, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आगरा। भारत विकास परिषद् 'नवज्योति' शाखा की ओर से दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं परिवारों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों का विकास करना है, ताकि समाज में सकारात्मक और संस्कारित वातावरण तैयार किया जा सके।
शिविर के प्रथम दिवस अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बच्चों एवं युवाओं के लिए मेहंदी कला और कौशल विकास प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। साथ ही बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया, ताकि वे बदलते डिजिटल दौर में सुरक्षित रह सकें।
महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें एनीमिया जांच, सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता, महिला आत्मनिर्भरता, परिवार प्रबोधन तथा संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने उपयोगी जानकारी दी।
शाखा की अध्यक्ष सीए दीपिका अग्रवाल और सचिव नितिन अग्रवाल ने कहा ऐसे शिविर नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल एवं महिला संयोजिका मंजू गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि आगामी दो दिनों में भी व्यक्तित्व विकास, संस्कार निर्माण, सामाजिक जागरूकता और नैतिक शिक्षा से जुड़े अनेक प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।