आगरा में भारत विकास परिषद नवज्योति ने 51 छात्राओं को दी साइकिल, पैदल की दूरी अब सपनों की उड़ान बनेगी
आगरा। शिक्षा और सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए भारत विकास परिषद् नवज्योति शाखा ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को आगे बढ़ाने का जिम्मा उठाया है। बल्केश्वर स्थित गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में परिषद द्वारा 51 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल भेंट की गई, जिससे अब इन बेटियों को स्कूल और ट्यूशन के लिए लंबी दूरी पैदल तय नहीं करनी पड़ेगी। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलकता दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदन और कन्या पूजन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विशिष्ट अतिथि नूपुर गुप्ता, संस्थापक सतीश गोयल (गुड्डन भाई), संजीव अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, गौरव बंसल और संरक्षक अजय शिवहरे ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
शाखा अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाली कई छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं और उन्हें दूर-दराज क्षेत्रों से पैदल स्कूल आना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कक्षा 9वीं से 12वीं तक की 51 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई, ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए और वे सुरक्षित रूप से विद्यालय पहुंच सकें।
चैत्र माह के पावन अवसर पर सभी 51 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें साइकिल भेंट की गई।
समय की बचत और सुरक्षा का संबल
संस्था के सचिव अनिल अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने बताया कि कई छात्राएं प्रतिदिन कई किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय और ट्यूशन पहुंचती हैं, जिससे उनका समय भी नष्ट होता है और रास्ते में असामाजिक तत्वों की परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। साइकिल मिलने से अब छात्राओं का समय बचेगा और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
साइकिल पाकर खिल उठे छात्राओं के चेहरे
जब विद्यालय परिसर में छात्राओं के नाम पुकारे गए और उन्हें साइकिल सौंपी गई तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। परिषद ने “हर बेटी पढ़े और सुरक्षित बढ़े” के संकल्प के साथ यह सेवा अभियान चलाया।
इस पुनीत कार्य में दानदाताओं के रूप में सतीश-सीमा गोयल, संजय-लक्ष्मी गोयल, स्पर्श-निकिता जैन, संदीप-अंजू मित्तल, पंकज-वृंदा खंडेलवाल, सुरेश-नीलम अग्रवाल, आनंद-रचना मंगल, अंकुश-शिल्पी मित्तल, अनुराग-सोनल भटनागर, नितिन-प्रीति अग्रवाल, संजीव-राशि अग्रवाल और अमित-दीपिका अग्रवाल ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य चारु पटेल ने परिषद की इस सराहनीय पहल के लिए सभी पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में परिषद के उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल, रजनीश गुप्ता, सीमा गोयल, शशि अग्रवाल, डॉ. कल्पना अग्रवाल, मनोज मंगल, अमित गर्ग, संदीप मित्तल, संजय वर्मा, नरेंद्र गर्ग, सुभाष अग्रवाल, मोहित अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।