आगरा में छह निर्धन बेटियों के हाथ पीले कर भारत विकास परिषद सुरभि ने रचा मानवता का उत्सव
आगरा में भारत विकास परिषद ‘सुरभि’ द्वारा आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह में छह निर्धन बेटियों का विवाह कर समाज को एकजुटता और मानवता का संदेश दिया गया। इस आयोजन में कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही और सभी ने नवयुगलों को आशीर्वाद देकर इस पहल की सराहना की।
आगरा। जब समाज जाति और वर्ग की सीमाओं से ऊपर उठकर बेटियों के भविष्य को संवारने के लिए एकजुट होता है, तब सिर्फ विवाह नहीं, बल्कि मानवता का उत्सव जन्म लेता है। आगरा में भारत विकास परिषद ‘सुरभि’ ने ऐसा ही प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए छह निर्धन बेटियों का सामूहिक विवाह कराकर संवेदनशील समाज की मिसाल कायम की।
आगरा में भारत विकास परिषद ‘सुरभि’ द्वारा सोमवार को महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि जब इरादे नेक हों, तो जाति और वर्ग जैसी दीवारें अपने आप ढह जाती हैं। छह निर्धन बेटियों के घर बसाने की इस पहल को समाज के हर वर्ग ने खुले दिल से सराहा।
समारोह की शुरुआत जयपुर हाउस स्थित जैन स्मृति भवन से घुड़चढ़ी की रस्म के साथ हुई, जहां से बैंड-बाजों की गूंज और खुशियों के रंगों के बीच सामूहिक बारात निकाली गई। नाचते-गाते बाराती जब महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी पहुंचे, तो पूरा वातावरण उत्सव में बदल गया।
मंच पर वरमाला की रस्म के बाद समाजसेवियों और गणमान्य अतिथियों ने नवयुगलों को सुखद और समृद्ध जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। अलग-अलग सुसज्जित मंडपों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सभी छह जोड़ों ने सात फेरे लिए। इस दौरान हर बेटी के चेहरे पर नए जीवन की चमक और परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू साफ देखे जा सकते थे।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब सुरभि की सदस्याओं ने बेटियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान उपहार स्वरूप भेंट किया और नम आंखों से उनकी विदाई की। यह दृश्य हर किसी के दिल को छू गया और आयोजन को एक मानवीय ऊंचाई पर ले गया।
कार्यक्रम की सफल व्यवस्था में सुरभि की अध्यक्ष निधि अग्रवाल, प्रेरणा स्रोत प्रीति उपाध्याय, संरक्षक वंदना अग्रवाल, सह संरक्षक नीलिमा शर्मा, मार्गदर्शक निधि बंसल, सचिव अंजलि अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ममता जैन, संयोजक निहारिका अग्रवाल, रानी खंडेलवाल, अंजना शिवहरे, डॉ. रचना शर्मा और मीना अग्रवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेवी महेश उपाध्याय और शिल्पी उपाध्याय, समारोह अध्यक्ष गौरव बंसल, स्वागताध्यक्ष अजय शिवहरे, विशिष्ट अतिथि नरेंद्र कुमार, मनोज अग्रवाल के साथ कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, एडवोकेट राजीव अग्रवाल, तरुण शर्मा, केशव दत्त गुप्ता, बसंत गुप्ता, प्रमोद सिंघल, उमेश बंसल, सीए विवेक अग्रवाल, मनोज पोली भाई, विनय सिंह सहित अनेक गणमान्य हस्तियों ने उपस्थिति दर्ज कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।