भाजपा बृज क्षेत्र कार्यसमिति घोषित,37 सदस्यीय टीम में आगरा का बढ़ा सियासी कद
भाजपा के बृज क्षेत्र के अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की स्वीकृति के बाद 37 सदस्यीय नई कार्यसमिति का ऐलान किया है। इस नई कार्यकारिणी में आगरा का वर्चस्व देखने को मिला है। टीम में गिरिराज सिंह कुशवाहा, रितु दिवाकर, सुग्रीव सिंह चौहान और यादवेन्द्र प्रताप सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अशोक कुमार पिप्पल को महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा बबलू लोधी, बीना लवानिया और मनीष गौतम को मंत्री तथा अवधेश रावत व वीरेंद्र अग्रवाल को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है।
आगरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपनी बृज क्षेत्र की नई कार्यसमिति का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी द्वारा जारी की गई इस नई कार्यकारिणी में ताजनगरी आगरा का दबदबा स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। महत्वपूर्ण सांगठनिक पदों पर आगरा के निष्ठावान और वरिष्ठ पदाधिकारियों को प्राथमिकता देकर संगठन ने एक मजबूत सियासी संदेश देने की कोशिश की है।
यह घोषणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के बाद की गई है। कुल 37 सदस्यीय इस नई कार्यसमिति में अनुभव और नए ऊर्जावान चेहरों का संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। नई टीम में आगरा से पार्टी के जनाधार को विस्तार देने के लिए चार प्रमुख नेताओं को उपाध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष गिरिराज सिंह कुशवाहा, रितु दिवाकर, सुग्रीव सिंह चौहान और यादवेन्द्र प्रताप सिंह शामिल हैं।
संगठन की धुरी माने जाने वाले महामंत्री पद की जिम्मेदारी आगरा के अशोक कुमार पिप्पल को सौंपी गई है। क्षेत्रीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए आगरा से तीन मंत्रियों की नियुक्ति की गई है। इसमें बबलू लोधी, बीना लवानिया और युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनीष गौतम का नाम है। संगठन के वरिष्ठ अनुभव का लाभ उठाने के उद्देश्य से अवधेश रावत और वीरेंद्र अग्रवाल को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है। आगरा के प्रतिनिधियों को इस नई टीम में मिली तरजीह से स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जानकारों का मानना है कि इस नई कार्यसमिति के गठन से बृज क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और अधिक मजबूत होगी।