डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पखवाड़े की तैयारियों में जुटी भाजपा, 2 जुलाई को आगरा में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन

भारतीय जनता पार्टी जिला आगरा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से जन्मजयंती तक आयोजित होने वाले विशेष पखवाड़े की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा 2 जुलाई को जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की गई।

Jun 24, 2026 - 19:51
 0
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पखवाड़े की तैयारियों में जुटी भाजपा, 2 जुलाई को आगरा में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां।

आगरा। आगरा में भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की बैठक ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस (23 जून) से लेकर उनकी जन्मजयंती (6 जुलाई) तक मनाए जाने वाले विशेष पखवाड़े के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उन्हें सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

बैठक में तय किया गया कि पखवाड़े के दौरान जिले भर में गोष्ठियां, संगोष्ठियां, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों का उद्देश्य डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, उनके योगदान और आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना होगा।

जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से यह विशेष पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं और डॉ. मुखर्जी के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन युवाओं, समाज और राष्ट्र निर्माण में विश्वास रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलकर देश को और अधिक मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

फतेहाबाद विधायक छोटेलाल वर्मा ने कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह डॉ. मुखर्जी के विचारों और राष्ट्रहित के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करे। उन्होंने संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

2 जुलाई को होगा विशाल सम्मेलन

विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 2 जुलाई को जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में जिले भर से भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा और पखवाड़े के कार्यक्रमों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे पदाधिकारी और कार्यकर्ता

बैठक का संचालन जिला महामंत्री सत्य प्रकाश लोधी ने किया। इस अवसर पर अभियान संयोजक जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, सहसंयोजक नीरज परमार, सत्येंद्र बरुआ, सत्यदेव दुबे, शिवकुमार प्रमुख, उमाशंकर माहौर, मानवेंद्र राठौर, संतोष सिकरवार, राजकुमार कुशवाहा, जिला मंत्री गौरव सोलंकी, अंबुज द्विवेदी, हीरा सिंह, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश चाहर, मनीष थापक, बबीता चौहान, सत्येंद्र त्यागी, धर्मेंद्र उपाध्याय, महेंद्र वर्मा, आशा देवी चक सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।