भाजपा ने आधी आबादी के साथ किया धोखा, झूठे विधेयक से गुमराह कर रही- सपा प्रदेश अध्यक्ष पाल का सत्ता पक्ष पर तीखा हमला

-आरके सिंह- बरेली। समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर महिलाओं और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर बड़ा हमला बोला है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शनिवार को बरेली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार आधी आबादी को धोखा दे रही है और झूठे विधेयकों के जरिए महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है।

Apr 25, 2026 - 21:03
 0
भाजपा ने आधी आबादी के साथ किया धोखा, झूठे विधेयक से गुमराह कर रही- सपा प्रदेश अध्यक्ष पाल का सत्ता पक्ष पर तीखा हमला
सपा प्रदेश अध्य़क्ष श्यामलाल पाल।

महिला आरक्षण में पीडीए को शामिल किया जाए

सिविल लाइंस स्थित सपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान श्यामलाल पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन उसमें पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग की महिलाओं को भी उचित आरक्षण मिलना चाहिए। उनका कहना था कि जब तक पीडीए की महिलाओं को प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा, तब तक सामाजिक बराबरी संभव नहीं है।

योगी सरकार पर गंभीर आरोप, अपराध बढ़ने का दावा

प्रदेश अध्यक्ष ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बलात्कार और महिला उत्पीड़न की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।

श्यामलाल पाल ने गाजीपुर की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव नदी किनारे फेंक दिया गया। जब सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा तो उस पर हमला किया गया और उल्टा सपा नेताओं पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया।

इसी तरह हरदोई की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुशवाहा समाज की एक बेटी के साथ दुराचार और हत्या हुई, लेकिन सपा प्रतिनिधिमंडल को वहां जाने से रोक दिया गया।

पंचायत चुनाव टालने का आरोप, लोकतंत्र पर हमला बताया

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर पंचायत चुनाव नहीं कराना चाहती, जिससे ग्रामीण विकास प्रभावित होगा। उन्होंने इसे भाजपा और राज्य चुनाव आयोग की साजिश बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विश्वविद्यालयों की फीस बढ़ रही है, प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज या बंद किया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है। महंगाई और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों से महिलाएं और किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

2027 के चुनाव को लेकर बड़ा दावा

श्यामलाल पाल ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ेगी और झूठी व पाखंडवादी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि जैसे पश्चिम बंगाल में महिलाएं भाजपा को हराने जा रही हैं, वैसे ही यूपी में भी जनता जवाब देगी।

SP_Singh AURGURU Editor