राष्ट्रवाद से संगठन विस्तार तक भाजपा का मंत्र, आगरा महानगर प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं ने पढ़ा चुनाव और मीडिया प्रबंधन का पाठ
आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, चुनाव प्रबंधन, मीडिया संचालन और सोशल मीडिया की रणनीतियों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत रमाना ग्रैंड प्रतापपुरा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का समापन राष्ट्रवाद, संगठन और तकनीकी दक्षता के संदेश के साथ हुआ।

भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में मौजूद भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता।
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन आयोजित अष्टम सत्र को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हेमेंद्र शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कार्य विस्तार और चुनाव प्रबंधन के माइक्रो मैनेजमेंट की बारीकियों से अवगत कराते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
नवम सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने मीडिया प्रबंधन की भूमिका और उसकी संवेदनशीलता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और विचारों को जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ जनता तक पहुंचाना चाहिए। इस दौरान प्रदेश सह संयोजक सोशल मीडिया गौरव वार्ष्णेय ने सोशल मीडिया पोस्ट की गुणवत्ता, कंटेंट चयन और उसके जनमानस पर प्रभाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
दसवें सत्र में क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल ने कार्यकर्ता विकास, दायित्व निर्वहन और संगठन के प्रति समर्पण की भावना पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी के हर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
प्रशिक्षण वर्ग के 11वें और अंतिम सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी की स्थापना और उसके विकास की यात्रा को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी संगठन की मूल प्रेरणा हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ भाजपा समाज के हर वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जन्म राष्ट्रवाद की भावना को जागृत कर राजनीति को नई दिशा देने के लिए हुआ। भाजपा ने जातिवाद और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम की विचारधारा को मजबूत किया है। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण, ग्रामीण सड़क योजना और कारगिल युद्ध जैसे ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के आत्मसम्मान को मजबूत करने का काम किया है।
भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने समापन सत्र में सभी प्रशिक्षणार्थियों, जनप्रतिनिधियों और विशेष रूप से मातृ शक्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की असली ताकत है।
समापन समारोह में राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, वर्ग प्रभारी एवं क्षेत्रीय महामंत्री नागेंद्र सिकरवार, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महापौर हेमलता दिवाकर, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, शिव शंकर शर्मा, प्रमोद गुप्ता, भानु महाजन, हेमेंद्र शर्मा, वीरेंद्र अग्रवाल, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, दीपू जादौन, मनवीर चौहान, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, राजू परमार, विकास भारद्वाज, अनिल सारस्वत, अतुल गर्ग, बॉबी लाले, विक्रांत तिवारी, करुणा निधि गर्ग, नंदी महाजन, जितेंद्र सविता, शशांक ठाकुर, कुशल गोयल, आदर्श वर्मा, निर्मला दीक्षित, बीना लवानिया, रुचि चतुर्वेदी, संध्या जोशी, रंजना पवार, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, नेहा गुप्ता, दीपिका मित्तल, अंजू गर्ग और माधुरी माहौर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।