भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी बस आने को है, आगरा से किसे मिलेगा मौका? बृज क्षेत्र अध्यक्ष को लेकर भी उत्सुकता
आगरा। भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है और इसकी घोषणा कभी भी हो सकती है। प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की सूची एक-दो दिन में जारी होने की संभावना है। नई टीम को लेकर भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में उत्सुकता चरम पर है। खासतौर पर आगरा से प्रदेश कार्यकारिणी में किस नेता को स्थान मिलेगा और बृज क्षेत्र अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी, इस पर राजनीतिक हलकों की निगाहें टिकी हुई हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश संगठन में व्यापक सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की गई है। प्रदेश कार्यकारिणी के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों और क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा भी एक साथ किए जाने की संभावना है। नई टीम आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।
आगरा से प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान पाने की दौड़ में वर्तमान प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, प्रदेश सचिव विजय शिवहरे और अंजुला माहौर (हाथरस विधायक) के अलावा वरिष्ठ नेता प्रमोद गुप्ता, भानु महाजन तथा पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। संगठन के भीतर इन सभी नेताओं की सक्रियता और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए इन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
वहीं मथुरा से देवेंद्र शर्मा भी प्रदेश कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण दायित्व के प्रबल दावेदार बताए जा रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक समीकरणों के मद्देनजर उनके नाम पर भी गंभीरता से विचार किए जाने की चर्चा है।
भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि इस बार की प्रदेश कार्यकारिणी में महिलाओं को विशेष प्रतिनिधित्व मिल सकता है। पार्टी संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के अपने संकल्प को संगठनात्मक ढांचे में भी प्रतिबिंबित करना चाहती है। ऐसे में प्रदेश कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद में महिलाओं की भागीदारी पहले की तुलना में अधिक दिखाई दे सकती है।
इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के नेताओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। संगठन सामाजिक संतुलन और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के फार्मूले पर काम कर रहा है।
प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के साथ-साथ भाजपा में सबसे अधिक चर्चा बृज क्षेत्र अध्यक्ष के नाम को लेकर भी है। संगठन के भीतर इसे बेहद अहम जिम्मेदारी माना जा रहा है, क्योंकि आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति में क्षेत्रीय अध्यक्ष की भूमिका निर्णायक होगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी नेतृत्व किस चेहरे पर भरोसा जताता है।
अब भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की निगाहें केवल आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि नई प्रदेश कार्यकारिणी न केवल संगठन की आगामी दिशा तय करेगी, बल्कि विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की भी मजबूत आधारशिला साबित होगी।