आगरा में भाजपा का शक्ति-संगम, ब्रज क्षेत्र के नेताओं को मिलेगा ‘मिशन 2027’ का मंत्र

आगरा में भाजपा ने ब्रज क्षेत्र के 600 से अधिक नेताओं को मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। 7 मार्च से 13 अप्रैल तक चलने वाले इन वर्गों में यही नेता प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे। सात प्रमुख विषयों पर आधारित यह कार्यक्रम संगठन को वैचारिक और चुनावी रूप से मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Feb 27, 2026 - 23:03
 0
आगरा में भाजपा का शक्ति-संगम, ब्रज क्षेत्र के नेताओं को मिलेगा ‘मिशन 2027’ का मंत्र
इमेज फोटो

आगरा। आगामी 7 मार्च से शुरू होने वाले मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक धार तेज करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। हाईवे स्थित एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के सभागार में कल  600 से अधिक नेता एकत्रित हो रहे हैं, जहां उन्हें प्रशिक्षक के रूप में तैयार किया जाएगा। यही प्रशिक्षित कार्यकर्ता 7 मार्च से 13 अप्रैल तक मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्गों में संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति का प्रसार करेंगे।

यह प्रशिक्षण भाजपा द्वारा हर तीन वर्ष में आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और चुनावी तैयारी को एक दिशा देना है। आगरा में आयोजित यह सत्र विशेष रूप से ब्रज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं पर केंद्रित है, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर संगठनात्मक पकड़ और मजबूत हो सके।

सात विषयों पर फोकस, स्पष्ट राजनीतिक संदेश

प्रशिक्षण वर्ग के संयोजक डॉ. रजनीश त्यागी ने बताया कि नेताओं को सात प्रमुख विषयों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिनमें इतिहास, विचारधारा, कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, सरकार की उपलब्धियां और सोशल मीडिया शामिल हैं। भाजपा का इतिहास और विकास विषय पर प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह मार्गदर्शन देंगे। वैचारिक अधिष्ठान पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह शाक्य, कार्य पद्धति विषय को पूर्व मंत्री अशोक कटारिया, बूथ प्रबंधन पर प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह कार्यकर्ताओं को रणनीति सिखाएंगे। 

सरकार की उपलब्धियां और क्रियान्वयन विषय पर पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल विस्तार से जानकारी देंगे। सोशल मीडिया प्रबंधन पर भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रामेश्वर मिश्रा डिजिटल रणनीति समझाएंगे।

राजनीतिक मायने: 2026–27 की तैयारियों की आहट

राजनीतिक दृष्टि से यह प्रशिक्षण महज औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी चुनावी परिदृश्य को ध्यान में रखकर की जा रही रणनीतिक तैयारी है। बूथ प्रबंधन और सोशल मीडिया जैसे विषयों पर विशेष जोर इस बात का संकेत हैं कि पार्टी जमीनी नेटवर्क के साथ-साथ डिजिटल मोर्चे पर भी आक्रामक रणनीति अपनाने की तैयारी में है।

ब्रज क्षेत्र, जो परंपरागत रूप से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है, वहां संगठनात्मक अनुशासन और संदेश की एकरूपता बनाए रखना पार्टी की प्राथमिकता है। प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के माध्यम से मंडल स्तर तक एक समान राजनीतिक संदेश पहुंचाने की योजना स्पष्ट दिखती है। भाजपा की रणनीति यह संकेत देती है कि संगठन चुनावी वर्ष से पहले ही कैडर को सक्रिय, प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से सुसज्जित रखना चाहता है, ताकि जमीनी स्तर पर विपक्ष को चुनौती दी जा सके।