चंडीगढ में बीजेपी दफ्तर के बाहर ब्लास्ट, क्रूड बम से हुआ हमला, आतंकी हमले के एंगल से जांच
चंडीगढ़ स्थित बीजेपी दफ्तर के बाहर ब्लास्ट होने से हड़कंप मच गया है। मौके पर आनन-फानन में पुलिस अधिकरी और एफएसएल की टीम पहुंची। यहां तक कि बीजेपी दफ्तर को पूरी तरह से खाली करा दिया गया है।
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर 37 में दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट को लेकर नई जानकारी सामने आई है। चंडीगढ़ पुलिस के सूत्रों के मुताबिक अब तक की जांच में यह पता चला है कि दफ्तर के बाहर क्रूड बम से हमला किया गया है, जो किसी गन पाउडर से मिलाकर बनाया गया था। मौके पर एफएसएल की टीम पहुंची और सबूत एकत्रित कर रही है। इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जिसमें दो लड़के बाइक पर बीजेपी दफ्तर के आसपास आते-जाते नजर भी आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से उनकी लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा है। पंजाब पुलिस की एजीटीएफ की टीम भी बीजेपी ऑफिस के बाहर पहुंची हुई है।
वहीं ब्लास्ट को लेकर चंडीगढ़ के एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि क्रूड बॉम्ब जैसी कोई वस्तु में धमाका हुआ है, जो शुरुआती जांच में सामने आया है। शुरुआती जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि क्रूड बॉम्ब जैसी कोई वस्तु में ब्लास्ट हुआ है। हालांकि ये वस्तु यहां रखी गई थी या फेंकी गई इस बारे में अभी कुछ बता नहीं सकते। तकरीबन 5 बजे के करीब बीजेपी दफ्तर के बाहर ये धमाका हुआ था।
पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस सूत्रों के मुताबिक 2024, 2025 और मौजूद 2026 में लगातार खालिस्तानी आतंकी संगठनों के निशाने पर पंजाब के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान, सरकारी इमारतें, पुलिस के दफ्तर, पुलिसकर्मी, अधिकारी, बीजेपी, आरएसएस के दफ्तर और हिंदू संगठन के नेता निशाने पर रहे हैं। इतना ही नहीं हाल ही में मोहाली, पंजाब-चंडीगढ़ पुलिस, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने कई ऐसे आउटफिट्स को गिरफ्तार किया है, जो सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद और पंजाब और उसके आसपास के शहरों का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे।
2024, 2025 में खालिस्तानी आतंकी हैप्पी पाशिया, जो इस वक्त अमेरिका की कस्टडी में है, उसने अपने साथी आतंकी जीवन फौजी से करीब 20 से ज्यादा हैंड ग्रेनेड हमले पंजाब में करवाए हैं। बीजेपी दफ्तर के बाहर हुए इस हमले के बाद सेंट्रल एजेसियां और चंडीगढ़-पंजाब पुलिस इंटेलीजेंस के अधिकारी इस एंगल पर भी जांच कर रहे हैं।