आगरा के गामरी गांव में खाली बाड़े में मिला युवक का लहूलुहान शव, चेहरे और शरीर पर चोटों के निशान, हत्या की आशंका से दहला मलपुरा

आगरा। जगनेर रोड स्थित थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव गामरी में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खाली बाड़े में युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। युवक के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

May 22, 2026 - 13:17
 0
आगरा के गामरी गांव में खाली बाड़े में मिला युवक का लहूलुहान शव, चेहरे और शरीर पर चोटों के निशान, हत्या की आशंका से दहला मलपुरा
मलपुरा थाना क्षेत्र के गामरी गांव में बाड़े में पड़ा युवक का शव।

जानकारी के अनुसार गांव गामरी में फौजी बिल्डिंग मटेरियल के बगल स्थित एक खाली बाड़े में युवक का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने शव को देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना मलपुरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

नरेंद्र पंडित के रूप में हुई पहचान

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कुआंखेड़ा निवासी नरेंद्र पंडित के रूप में हुई है। पुलिस पहचान की पुष्टि करने और परिजनों से संपर्क करने में जुटी हुई है। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

शरीर पर गंभीर चोटों के निशान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के चेहरे और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक के साथ मारपीट की गई हो सकती है। हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मलपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

गांव में दहशत का माहौल

घटना के बाद गांव गामरी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor