संपत्ति के बंटवारे में खून: बरेली में हिस्ट्रीशीटर ने सगे भाई को मारी गोली, मौत से दहला गांव
-आरके सिंह बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में संपत्ति के बंटवारे का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में गुरुवार रात जमीन के बंटवारे को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के बीच एक हिस्ट्रीशीटर भाई ने अपने ही सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम खजुआ जागीर निवासी फैजी, पत्नी इसरार, ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार रात करीब 10:30 बजे उनके देवर गुड्डू और तौफीक ने उनके पति इसरार के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद गांव में जाकर उन पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल इसरार को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में थाना शेरगढ़ पर धारा 103(1) एवं 109(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मृतक के पिता लल्ला खां उर्फ लतीफ खां तथा भाई इकरार ने बताया कि मुख्य आरोपी तौफीक उर्फ गुड्डू थाना शेरगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लगभग 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। परिजनों के अनुसार वह करीब एक वर्ष पहले पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था, जिसके बाद जेल भी जा चुका है।
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार शाम तौफीक ने फोन पर इकरार के साथ गाली-गलौज की। कुछ देर बाद वह अपने साथी असलम और बेटे नदीम के साथ घर पहुंच गया। वहां उसने इकरार के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे 35 वर्षीय इसरार पर तौफीक ने तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से इसरार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बढ़ाए हुए है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में सभी साक्ष्य जुटाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।