सिकंदरा में खूनखराबा, सहकर्मी ने कारीगर पर किया जानलेवा हमला, चेहरे पर किए ताबड़तोड़ वार

आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में एक फैक्ट्री कर्मचारी पर उसके ही सहकर्मी ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना 25 अप्रैल की रात की है, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चेहरे पर गहरे जख्म और कई टांके आए हैं। परिजनों ने आरोपी पर पुरानी रंजिश के चलते हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Apr 29, 2026 - 14:01
 0
सिकंदरा में खूनखराबा, सहकर्मी ने कारीगर पर किया जानलेवा हमला, चेहरे पर किए ताबड़तोड़ वार

आगरा। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र से सामने आई एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक फुटवियर फैक्ट्री में काम करने वाले युवक पर उसके ही सहकर्मी ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले की बर्बरता ऐसी थी कि घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक घटना 25 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे की है। जीवनी मंडी निवासी आकाश रोज की तरह फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह सब्जी मंडी के पास पहुंचा, तभी उसकी मुलाकात उसी फैक्ट्री में काम करने वाले करन से हुई। आरोप है कि करन ने पहले उसे रोका और फिर अचानक धारदार हथियार से उस पर हमला बोल दिया।

चेहरे पर वार, नाक कटी

हमला इतना भीषण था कि आकाश का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया। नाक लगभग कटकर अलग हो गई। सिर पर करीब 12 टांके आए हैं। दोनों बाजुओं पर लगभग 40 टांके लगाने पड़े हैं। घटना स्थल पर मौजूद लोग यह मंजर देखकर दहशत में आ गए। किसी तरह राहगीरों और अन्य कारीगरों ने साहस दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया और आरोपी को वहां से भागने पर मजबूर कर दिया।

पहले से थी रंजिश

घायल आकाश के परिवार का कहना है कि उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित की पत्नी वर्षा ने पुलिस में दी शिकायत में करन (निवासी राहुल नगर, बोदला) पर हत्या की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि दोनों के बीच पहले से किसी विवाद या रंजिश की वजह से यह हमला किया गया हो सकता है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही हमले के पीछे की असली वजह का भी खुलासा किया जाएगा।