खून के निशान, उलटी खटिया और गायब युवक, आगरा के बाईखेड़ा गांव में रहस्यमयी घटना से सनसनी

आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के बाईखेड़ा गांव में गुरुवार रात एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पशुबाड़े में सोने गए युवक का बिस्तर गायब मिला, खटिया उलटी पड़ी थी और मौके पर खून के निशान मिलने से गांव में दहशत फैल गई। पुलिस और ग्रामीण पूरी रात युवक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

May 8, 2026 - 16:02
 0
खून के निशान, उलटी खटिया और गायब युवक, आगरा के बाईखेड़ा गांव में रहस्यमयी घटना से सनसनी
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस।

आगरा। आगरा जनपद के मलपुरा थाना क्षेत्र स्थित बाईखेड़ा गांव शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी और डर के माहौल में बदल गया, जब गांव के एक युवक के रहस्यमय ढंग से गायब होने की खबर फैल गई। युवक पशुबाड़े में सोने गया था, लेकिन सुबह उसका कोई पता नहीं चला। मौके का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए।

गांव निवासी अनीत उर्फ गणेसी रोज की तरह गुरुवार रात गांव के बाहर बने पशुबाड़े में सोने गए थे। रात सामान्य बीती, लेकिन सुबह जब उनकी पत्नी पिंकी वहां पहुंचीं तो सामने का मंजर बेहद डरावना था। खटिया उलटी पड़ी हुई थी, आसपास सामान बिखरा था और सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि अनीत का बिस्तर पूरी तरह गायब था।

खून के निशानों ने बढ़ाई दहशत

पशुबाड़े के भीतर और आसपास खून के निशान दिखाई देने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पिंकी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने आशंका जताई कि अनीत के साथ कोई बड़ी अनहोनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय किसी तरह की आवाज या हलचल किसी ने नहीं सुनी। यही वजह है कि मामला और ज्यादा रहस्यमयी बन गया है। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पुलिस ने शुरू की सघन तलाश

घटना की सूचना मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में युवक की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और संभावित हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले खून के निशानों और अन्य परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। हालांकि अभी  तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

अनीत की पत्नी पिंकी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार लगातार किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है। गांव में मातम और डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण भी युवक की सुरक्षित बरामदगी की दुआ कर रहे हैं।

पुलिस का जल्द खुलासे का दावा  

थाना मलपुरा प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। युवक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का दावा किया गया है।