होली पर खूनी खेल! नाली विवाद में युवक की हत्या, एत्मादपुर के गढ़ी महासिंह खेड़ा में मातम, बीते कल हुए झगड़े में गंभीर घायल हुआ था अमित, आज इलाज के दौरान दम तोड़ा

आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र के गांव गढ़ी महासिंह खेड़ा में होली के दिन रंगों का त्योहार खून से लाल हो गया। मामूली नाली विवाद ने ऐसा उग्र रूप लिया कि दबंगों ने पिता सहित दो बेटों पर लाठी-डंडे और सरिया से हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय छात्र अमित सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। त्योहार की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं और पूरे गांव में मातम पसर गया।

Mar 4, 2026 - 14:12
 0
होली पर खूनी खेल! नाली विवाद में युवक की हत्या, एत्मादपुर के गढ़ी महासिंह खेड़ा में मातम, बीते कल हुए झगड़े में गंभीर घायल हुआ था अमित, आज इलाज के दौरान दम तोड़ा
अमित सिंह का फाइल फोटो, जिसकी होली के मौके पर हत्या कर दी गई।

दोपहर की कहासुनी, शाम को खूनी वार

गांव वालों के अनुसार, विगत दिवस दोपहर करीब तीन बजे अमित सिंह और एक अन्य युवक के बीच नाली को लेकर कहासुनी हुई थी। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन शाम करीब सात बजे फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

इस बार विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दबंग पक्ष ने फावड़ा, सरिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में अमित सिंह के साथ रंजीत और जगत भी घायल हो गए। अमित के सिर पर गंभीर चोट आई थी।

एसएन मेडिकल कॉलेज में टूटी सांसों की डोर

घायल तीनों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। अमित सिंह को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार आज उसने दम तोड़ दिया।

अमित की मौत की खबर मिलते ही होली के दिन परिजनों में कोहराम मच गया। होली के दिन घर में रंग नहीं, बल्कि आंसू बहे। अमित की मौत के शोक में गांव में होली भी नहीं खेली गई।

सात नामजद आरोपी, पुलिस जांच में जुटी

थाना एत्मादपुर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

एत्मादपुर सर्किल के एसीपी देवेश कुमार ने बताया कि बीती रात गांव गढ़ी महासिंह खेड़ा में मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें अमित सिंह घायल हुआ था। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई है। वादी द्वारा दी गई तहरीर में सात लोगों को नामजद किया गया है, जिनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

नाली विवाद या दबंगई?

ग्रामीणों का कहना है कि यह विवाद नाली की सफाई और पानी निकासी को लेकर था, जो धीरे-धीरे व्यक्तिगत रंजिश में बदल गया। सवाल यह है कि क्या त्योहार के दिन प्रशासन की सख्ती के बावजूद दबंगई इतनी हावी थी कि दोबारा हमला कर दिया गया?

अमित सिंह एक छात्र था और पढ़ाई कर रहा था। परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। होली की खुशियों के बीच उसके घर में मातम का सन्नाटा छा गया है। गांव में भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor