कलयुगी बेटे का खूनी खेल, नशेड़ी बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट, भाई पर भी किया जानलेवा हमला
आगरा के छदामी नगर में शराब के लिए ₹1500 न मिलने पर आरोपी धर्मवीर ने अपने पिता लीलाधर की इंटरलॉकिंग ईंट से हमला कर हत्या कर दी। भाई राजेश पर भी जानलेवा हमला किया गया। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। थाना एत्माददौला पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा के थाना एत्माददौला क्षेत्र के प्रकाश नगर स्थित छदामी नगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने महज ₹1500 न मिलने पर अपने ही पिता की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने भाई को भी नहीं बख्शा और उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक आरोपी धर्मवीर ने शराब पीने के लिए अपने पिता लीलाधर से ₹1500 मांगे थे। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर उसने घर में जमकर हंगामा किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। परिवार के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन आरोपी के सिर पर नशा और गुस्सा दोनों सवार थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात करीब 2 बजे धर्मवीर दोबारा घर पहुंचा और दरवाजे पर उत्पात मचाने लगा। बुधवार सुबह जब पिता लीलाधर अपने बेटे राजेश के साथ सब्जी मंडी जाने के लिए निकले, तभी आरोपी ने रास्ते में दोनों को रोक लिया। इसके बाद उसने इंटरलॉकिंग ईंट उठाकर पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में लीलाधर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आए भाई राजेश पर भी आरोपी ने ईंट से हमला कर दिया। अचानक हुई इस खूनी वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और आरोपी वहां से फरार हो गया।
घायल पिता और बेटे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से लीलाधर को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुजुर्ग लीलाधर ने दम तोड़ दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना एत्माददौला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी धर्मवीर के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी धर्मवीर शराब का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता रहता था। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह एक दिन अपने ही पिता की जान ले लेगा।