उटंगन नदी के गहरे गड्ढे में मिली छात्रा की लाश, खुद पानी में उतरकर थाना प्रभारी ने निकाला शव

आगरा के खेरागढ़ थाना क्षेत्र के डूंगरवाला गांव के पास उटंगन नदी के गहरे गड्ढे में रविवार दोपहर एक छात्रा का शव मिला। छात्रा 17 जुलाई से लापता थी और उसके परिजन उसी दिन सुबह गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। मौके पर मौजूद लोगों के नदी में उतरने से हिचकिचाने पर थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा खुद पानी में उतरे और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Jul 19, 2026 - 18:44
 0
उटंगन नदी के गहरे गड्ढे में मिली छात्रा की लाश, खुद पानी में उतरकर थाना प्रभारी ने निकाला शव
छात्रा के शव को नदी से बाहर लाती पुलिस।

17 जुलाई से लापता थी छात्रा, गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे परिजनों को मिली दर्दनाक खबर

आगरा। आगरा के खेरागढ़ थाना क्षेत्र के डूंगरवाला गांव के पास रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब उटंगन नदी में पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में छात्रा का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही खेरागढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन गहरे पानी और गड्ढे की वजह से कोई भी व्यक्ति नदी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। ऐसे में थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा ने खुद मोर्चा संभाला और बिना देर किए नदी में उतर गए। काफी मशक्कत के बाद थाना प्रभारी ने गहरे पानी से छात्रा के शव को बाहर निकाला। उनके इस साहसिक कदम की मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक छात्रा 17 जुलाई से लापता थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे परिवार के सदस्य उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए खेरागढ़ थाने पहुंचे थे। इसी दौरान करीब दो घंटे बाद, दोपहर 12 बजे पुलिस को डूंगरवाला गांव के पास उटंगन नदी में एक युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी पहचान लापता छात्रा के रूप में हुई।

थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा की मौत हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।