आगरा के मलपुरा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका
आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवक की जेब से रेलवे का जनरल टिकट बरामद हुआ है, जिसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि यात्रा के दौरान युवक ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि युवक किसी ट्रेन से यात्रा कर रहा था और अचानक गिरने से हादसे का शिकार हो गया। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक के पास मिले जनरल टिकट को भी जांच का अहम आधार माना जा रहा है।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। थाना मलपुरा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।