बिचपुरी के पास रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस
आगरा-बांदीकुई रेलवे लाइन पर बिचपुरी के पास शुक्रवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से करीब 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आगरा। आगरा-बांदीकुई रेलवे लाइन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।
जानकारी के अनुसार हादसा बिचपुरी नहर फाटक संख्या-11 और गांव अंगूठी स्थित रेलवे फाटक संख्या-12 के बीच हुआ। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर थाना जगदीशपुरा पुलिस और बिचपुरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
चौकी इंचार्ज बिचपुरी के अनुसार मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हादसा है या आत्महत्या। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही, जबकि पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और ट्रैक से दूर रहने की अपील की है।