उधार लिए 5.49 लाख रुपये हड़पे, पैसा मांगने पर गाली-गलौज और हमला, फतेहपुर सीकरी के मामले में पुलिस कमिश्नर के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। इलाज के नाम पर भरोसा जीतकर लाखों रुपये लेने और बाद में रकम लौटाने के बजाय मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कस्बे के चूड़ी बाजार निवासी एक महिला ने पुलिस कमिश्नर आगरा से शिकायत कर आरोप लगाया है कि उसके कैंसर पीड़ित पति से इलाज के बहाने 5 लाख 49 हजार रुपये उधार लिए गए, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई। रुपये मांगने पर आरोपी और उसके परिजनों द्वारा अभद्रता, मारपीट और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

May 21, 2026 - 20:52
May 21, 2026 - 21:11
 0
उधार लिए 5.49 लाख रुपये हड़पे, पैसा मांगने पर गाली-गलौज और हमला, फतेहपुर सीकरी के मामले में पुलिस कमिश्नर के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी

चूड़ी बाजार निवासी गीता देवी पत्नी धर्मपाल सिंह ने पुलिस कमिश्नर को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति कैंसर बीमारी से पीड़ित हैं। आरोप है कि मलिकपुर निवासी वकील सिंह पुत्र सुखवीर सिंह ने 26 सितंबर 2025 को उनसे इलाज के लिए पांच लाख रुपये उधार मांगे थे। पुराने परिचय और विश्वास के चलते उनके पति ने अपने बैंक खाते से आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के खाते में पांच लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने एक माह के भीतर पूरी रकम लौटाने का भरोसा दिया था, लेकिन तय समय गुजरने के बाद भी पैसे वापस नहीं किए। आरोप है कि 20 अक्टूबर 2025 को आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचा और इलाज में अधिक खर्च होने की बात कहकर 50 हजार रुपये और मांगने लगा। इस दौरान उसे 49 हजार रुपये का एक चेक भी दिया गया, जो आरोपी के बैंक खाते में जमा हो गया।

गीता देवी के अनुसार जब कई बार तकादा करने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली, तो 14 मई 2026 को वह अपने पति धर्मपाल सिंह के साथ आरोपी के गांव मलिकपुर पहुंचीं। आरोप है कि वहां आरोपी व उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर गांव से भगा दिया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वह थाना फतेहपुर सीकरी पहुंचीं, तब भी उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर आगरा को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोनोठी में भीषण अग्निकांड: किसानों का भूसा और बिटोरा जलकर राख

फतेहपुर सीकरी। ग्राम सोनोठी में बृहस्पतिवार दोपहर अचानक लगी आग से कई किसानों का भूसा और बिटोरा जलकर राख हो गया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सूचना पर पहुंची दमकल टीम और पुलिस ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में किसान कन्हैया, दौलतराम और राकेश का हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे ग्राम सचिव अनिल कुमार आर्य ने नुकसान का जायजा लिया, जबकि ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor