ब्रांड प्रोटेक्शन ही बिज़नेस की असली ताक़त: आईसीएसआई आगरा में बौद्धिक संपदा कार्यशाला शुरू, ट्रेडमार्क से लेकर परीक्षा परिणाम तक अहम घोषणाएं

आगरा। नेहरू नगर स्थित द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेट्रीज़ ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के आगरा चैप्टर कार्यालय में तीन दिवसीय बौद्धिक संपदा अधिकार विषयक कार्यशाला का बुधवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। कार्यशाला के पहले दिन मुख्य वक्ता कंपनी सचिव सीएस अंकुर वर्मा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में किसी भी व्यवसाय की असली शक्ति उसकी पहचान है। यदि ब्रांड सुरक्षित है, तो कारोबार का भविष्य भी सुरक्षित है।

Feb 25, 2026 - 21:29
 0
ब्रांड प्रोटेक्शन ही बिज़नेस की असली ताक़त: आईसीएसआई आगरा में बौद्धिक संपदा कार्यशाला शुरू, ट्रेडमार्क से लेकर परीक्षा परिणाम तक अहम घोषणाएं
द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेट्रीज़ ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के आगरा चैप्टर कार्यालय में बुधवार को शुरू हुई तीन दिवसीय बौद्धिक संपदा अधिकार विषयक कार्यशाला की एक झलक।

उन्होंने अपने विस्तृत व्याख्यान में ट्रेडमार्क अधिनियम, 1999 की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ब्रांड नाम, लोगो, प्रतीक और टैगलाइन का पंजीकरण केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि दीर्घकालिक व्यावसायिक सुरक्षा का आधार है। पंजीकृत ट्रेडमार्क न केवल अनधिकृत उपयोग और नकल से बचाता है, बल्कि बाजार में विशिष्ट पहचान और उपभोक्ता विश्वास भी स्थापित करता है।

सीएस अंकुर वर्मा ने प्रतिभागियों को बताया कि ट्रेडमार्क उल्लंघन की स्थिति में अधिनियम के अंतर्गत स्पष्ट कानूनी कार्यवाही और मुआवजे का प्रावधान है। उन्होंने युवाओं, स्टार्टअप्स और उद्यमियों से अपनी बौद्धिक संपदा को अमूर्त संपत्ति के रूप में समझने और समय रहते उसका पंजीकरण कराने का आह्वान किया।

कार्यशाला में कंपनी सचिव पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं और प्रोफेशनल सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रश्नोत्तर सत्र में ट्रेडमार्क, कॉपीराइट, पेटेंट और डिजाइन रजिस्ट्रेशन से जुड़ी व्यावहारिक जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया।

आईसीएसआई आगरा चैप्टर के अध्यक्ष सीएस अनुज अशोक ने बताया कि कार्यशाला के अगले दो दिनों में पेटेंट, कॉपीराइट, डिजाइन पंजीकरण और बौद्धिक संपदा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा गहन मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इसी अवसर पर उन्होंने सीएस परीक्षा दिसंबर 2025 सत्र के परिणामों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेट्रीज़ ऑफ इंडिया द्वारा प्रोफेशनल और एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम (सिलेबस 2022) के परिणाम 25 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में घोषित किए गए।

परिणामों के अनुसार प्रोफेशनल प्रोग्राम (दिसंबर 2025 सत्र) में ग्रुप-1 का उत्तीर्ण प्रतिशत 26.73% और ग्रुप-2 का 26.67% रहा, जबकि मुंबई केंद्र से किंजल अजमेरा ने अखिल भारतीय प्रथम स्थान प्राप्त किया। एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में ग्रुप-1 का परिणाम 18.03% और ग्रुप-2 का 22.26% रहा, जिसमें अहमदाबाद केंद्र से अनीशा दर्शन केसवानी ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया।

उत्तर प्रदेश स्तर पर प्रोफेशनल ग्रुप-1 में 28.44% और ग्रुप-2 में 24.53% परिणाम रहा, वहीं एग्जीक्यूटिव ग्रुप-1 में 15.56% और ग्रुप-2 में 22.20% अभ्यर्थी सफल रहे। आगरा शहर की बात करें तो प्रोफेशनल ग्रुप-1 में 27.78% और ग्रुप-2 में 20.99%, जबकि एग्जीक्यूटिव ग्रुप-1 में 18.06% और ग्रुप-2 में 21.78% परिणाम दर्ज किया गया।

आगरा परीक्षा केंद्र से खुशी अग्रवाल ने सीएस प्रोफेशनल प्रोग्राम में 53% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रितिका शर्मा ने 51.29% अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीएस एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में हर्षिका अग्रवाल ने 55.29% अंक अर्जित कर अखिल भारतीय 25वीं रैंक प्राप्त की, वहीं श्रेष्ठा मिश्रा ने 54.86% अंक के साथ आगरा केंद्र में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

अध्यक्ष सीएस अनुज अशोक ने बताया कि आगामी सीएस एग्जीक्यूटिव एवं प्रोफेशनल प्रोग्राम परीक्षाएं 01 जून से 07 जून 2026 तक आयोजित की जाएंगी, जबकि सीएस एग्जीक्यूटिव एंट्रेंस टेस्ट (CSEET) का आयोजन 01 जून से 04 जून 2026 के बीच किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor