चाहरवाटी का वीर सपूत पंचतत्व में विलीन: कर्नल दीवान सिंह चाहर के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर

किरावली (आगरा)। तहसील किरावली के चाहरवाटी क्षेत्र के गांव बसैरी चाहर निवासी सेना के जांबाज अधिकारी कर्नल दीवान सिंह चाहर के निधन ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। दिल्ली स्थित निजी आवास पर लंबी बीमारी के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। 91 वर्ष की आयु में उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्रभर में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो उठी।

Apr 21, 2026 - 12:10
 0
चाहरवाटी का वीर सपूत पंचतत्व में विलीन: कर्नल दीवान सिंह चाहर के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर
कर्नल दीवान सिंह चाहर, जिनकी अब यादें शेष हैं।

किसान परिवार से सेना के कर्नल तक का प्रेरक सफर

कर्नल दीवान सिंह चाहर का जन्म 7 अक्टूबर 1945 को एक साधारण किसान परिवार में हुआ था। बचपन से ही मेधावी और तेज-तर्रार छात्र रहे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बसैरी चाहर और जैंगारा में हुई, जिसके बाद उन्होंने आगरा से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। देश सेवा का जज्बा उन्हें सेना में ले गया, जहां उन्होंने आर्मी मेडिकल कोर ज्वॉइन किया और 1970 में कमीशन प्राप्त कर लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में नियुक्त हुए।

भारत-पाक युद्ध में दिखाई वीरता, पाए सम्मान

कर्नल दीवान सिंह ने भारत-पाक युद्ध के दौरान अपनी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनकी सेवाओं और साहस के लिए उन्हें कई सम्मान भी प्राप्त हुए। सेना में रहते हुए उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की और अपने कार्यकाल में 44 सैनिकों के कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया को अंजाम दिया।

सामाजिक जीवन में भी सक्रिय भूमिका

सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्नल साहब समाज सेवा में सक्रिय रहे। वर्ष 2004 में वे जाट महासभा आगरा के अध्यक्ष बने और समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। स्वास्थ्य कारणों के चलते बाद में वे अपने पुत्र रविदीप सिंह चाहर के साथ दिल्ली में रहने लगे थे।

उनके पुत्र रविदीप सिंह चाहर वर्ष 2019 से ऑल इंडिया सर्विसेज में वरिष्ठ अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो परिवार के लिए गर्व का विषय है।

शोक में डूबा क्षेत्र, नेताओं ने जताई संवेदना

कर्नल दीवान सिंह के निधन की सूचना मिलते ही सांसद राजकुमार चाहर, पूर्व सैनिक जगदीश सोलंकी, वरिष्ठ भाजपा नेता यशपाल चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता मुनेश चंद लवानियां, मोहनलाल शर्मा एडवोकेट, ब्लॉक प्रमुख गुड्डू चाहर, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा अशोक राणा, जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनियां, प्रमोद चाहर, मोरध्वज सिंह इंदौलिया एडवोकेट, पवन इंदौलिया, रामनिवास शर्मा एडवोकेट सहित अनेक गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

SP_Singh AURGURU Editor