तपती बैरकों में राहत की हवा, सत्यमेव जयते ट्रस्ट ने आगरा जिला जेल को भेंट किए 20 सीलिंग फैन

आगरा। जिला जेल में बंद कैदियों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सत्यमेव जयते ट्रस्ट ने सराहनीय पहल करते हुए गुरुवार को जिला जेल प्रशासन को 20 सीलिंग फैन भेंट किए। ट्रस्ट के इस सहयोग से जेल की बैरकों में बंद कैदियों को गर्मी से राहत मिलेगी। सामाजिक संवेदनाओं और मानवीय सोच से जुड़ी इस पहल की जेल प्रशासन ने खुलकर सराहना की।

May 14, 2026 - 18:46
 0
तपती बैरकों में राहत की हवा, सत्यमेव जयते ट्रस्ट ने आगरा जिला जेल को भेंट किए 20 सीलिंग फैन
जिला जेल को उपलब्ध कराये गये पंखों के साथ सत्यमेव जयते ट्रस्ट के सदस्य।

बताया गया कि जिला जेल अधीक्षक हरीओम शर्मा ने जेल में बढ़ती गर्मी और कैदियों की परेशानी को देखते हुए सत्यमेव जयते ट्रस्ट से सीलिंग फैन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इस पर ट्रस्ट ने तत्परता दिखाते हुए 20 सीलिंग फैन जिला जेल को उपलब्ध कराए।

इस सेवा कार्य में राजीव गुप्ता और विनीत अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि समाजसेवा का उद्देश्य केवल बाहर के लोगों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जेलों में बंद बंदियों की मूलभूत जरूरतों और मानवीय सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

जेलर नागेश सिंह ने ट्रस्ट की सकारात्मक सोच और सहयोग भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में यह सहयोग कैदियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने ट्रस्ट पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जेलर नागेश सिंह, शम्भू नाथ चतुर्वेदी, पूर्व महासचिव गौतम सेठ, महामंत्री अनिल गोयल एडवोकेट, डॉ. मोहित गुप्ता, अनिल जैन, रविन्द्र अग्रवाल, हरीश वासवानी तथा मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor