ब्रिटेन को मिला नया प्रधानमंत्री, एंडी बर्नहम ने संभाला कार्यभार, कीर स्टारमर की जगह ली
ब्रिटेन में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच एंडी बर्नहम नए प्रधानमंत्री नियुक्त हुए हैं। उन्होंने कीर स्टार्मर की जगह ली है। ब्रिटेन की संसदीय लोकतंत्र प्रणाली में सत्ताधारी पार्टियों को आम चुनाव कराए बिना अपने नेता और इस तरह प्रधानमंत्री को बदलने की अनुमति है। लेबर पार्टी के नए नेता बनने की दौड़ में बर्नहम अकेले उम्मीदवार थे।
लंदन। ब्रिटेन में लेबर पार्टी के नवनिर्वाचित नेता एंडी बर्नहम ने सोमवार को ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने सत्ता के औपचारिक हस्तांतरण के लिए कीर स्टार्मर के इस्तीफे के कुछ ही समय बाद 56 वर्षीय बर्नहम को नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। बकिंघम पैलेस के एक प्रवक्ता ने कहा, ''आज सुबह माननीय सर कीर स्टार्मर ने महाराज से मुलाकात करके प्रधानमंत्री और 'फर्स्ट लॉर्ड आफ ट्रेजरी' के पद से अपना इस्तीफा सौंपा, जिसे महाराज ने स्वीकार कर लिया।'
पिछले सप्ताह लेबर पार्टी के निर्विरोध नेता चुने गए बर्नहम के प्रधानमंत्री के रूप में तत्काल कामकाज शुरू करने और मंत्रिमंडल के सदस्यों के नामों की घोषणा करने की उम्मीद है। चार वर्षों में ब्रिटेन के पांचवें प्रधानमंत्री बने बर्नहम ने देश को ''स्थिर और जिम्मेदार'' राजनीति देने का वादा किया है। इससे पहले केअर स्टार्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में 10 डाउनिंग स्ट्रीट से अपना अंतिम संबोधन दिया और कहा, ''मेरा काम पूरा हो गया है।''
लेबर सांसद स्टार्मर (63) ने पिछले महीने पद छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, ''मैं जिम्मेदारी एंडी बर्नहम को सौंप रहा हूं, जिन्हें मेरा पूरा समर्थन है।'' स्टार्मर ने कहा, ''मैं पूरे सम्मान के साथ जा रहा हूं, मुस्कराते हुए जा रहा हूं और हमने जो कुछ हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है।''
जुलाई 2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाने के बाद दो वर्ष तक प्रधानमंत्री रहने वाले स्टार्मर के 10 डाउनिंग स्ट्रीट से विदा होने पर उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों और अधिकारियों ने कतारबद्ध होकर तालियां बजाकर उन्हें विदाई दी।